फास्टरपुर महाविद्यालय में साइबर जागृति अभियान, 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के बताए उपाय
एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में साइबर जागरूकता कार्यशाला, 300 से अधिक विद्यार्थियों को मिले सुरक्षा टिप्स
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, लॉटरी एवं पार्ट-टाइम जॉब स्कैम, फर्जी लोन ऐप, सोशल मीडिया फ्रॉड और ब्लैकमेलिंग जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने की अपील की।
विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, CVV या पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। सोशल मीडिया अथवा SMS के जरिए प्राप्त संदिग्ध लिंक और APK फाइलों पर क्लिक करने से बचने तथा सोशल मीडिया अकाउंट में 2FA यानी टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय रखने की जानकारी दी गई।
सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और ‘मनी म्यूल’ से बचाव के बताए तकनीकी उपाय
कार्यशाला में साइबर अपराध के नए तरीकों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, ‘मनी म्यूल’, बैंकिंग ठगी और फर्जी ऑनलाइन ऑफर से बचने के उपाय बताए गए। अधिकारियों ने कहा कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल कार्रवाई करना जरूरी है।
विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल सूचना देने तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। साइबर ठगी के मामलों में शुरुआती समय में शिकायत करने को महत्वपूर्ण बताया गया।
रंगोली प्रतियोगिता से दिया डिजिटल सतर्कता का संदेश, उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान
साइबर जागरूकता अभियान को रचनात्मक स्वरूप देने के लिए महाविद्यालय में साइबर सुरक्षा थीम पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर अपराध से बचाव और डिजिटल सतर्कता का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण
साइबर जागरूकता कार्यक्रम के बाद सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी का संदेश देते हुए पुलिस अधिकारियों, महाविद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.के. मिश्रा, प्राध्यापकगण, थाना प्रभारी फास्टरपुर रघुवीर लाल चंद्रा, सउनि मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास सहित पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Post a Comment
0 Comments