बारिश-उफान से क्षतिग्रस्त सड़क-पुलों पर बड़ा एक्शन, अरुण साव ने दिए तत्काल मरम्मत के निर्देश
24 से 26 सितंबर तक हुई लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति बनी। कई स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के बाद अब पानी उतरने पर क्षति का आकलन किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने मुख्य अभियंता से लेकर उप अभियंता स्तर तक के मैदानी अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की फोटो-वीडियोग्राफी कर तत्काल नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। मौजूदा अनुबंध के दायरे में आने वाले कार्य संबंधित ठेकेदार या एजेंसी से बिना देरी कराए जाएंगे।
वहीं, जिन सड़कों और पुल-पुलियों में पुनर्निर्माण या विशेष मरम्मत की आवश्यकता है, उनके प्राक्कलन 10 दिनों के भीतर सक्षम अधिकारियों को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विशेष मरम्मत के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि बारिश और बाढ़ से हुई क्षति का सुधार केवल अस्थायी रूप से न किया जाए, बल्कि जरूरत के अनुसार टो-वॉल, कांक्रीट रोड, पुलों के वियरिंग कांक्रीट और रेलिंग सहित क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थायी मरम्मत की जाए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में काम करने को कहा है, ताकि बारिश से प्रभावित मार्गों को जल्द सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाया जा सके।


Post a Comment
0 Comments