बिलासपुर में जीआरपी का बड़ा एक्शन: नशा तस्करों से लेकर ट्रेन चोर गिरोह तक पर शिकंजा
24 किलो गांजा के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, दूसरी कार्रवाई में 2 महिला चोर पकड़ी गईं
महिला गिरोह से ₹5.40 लाख के सोने के जेवर बरामद, एक आरोपी फरार
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अपराध करने वालों के खिलाफ जीआरपी की कार्रवाई तेज
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी बिलासपुर ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। एक मामले में पुलिस ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 से करीब 24 किलो गांजा बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे मामले में ट्रेनों में महिला यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले महिला गिरोह की दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर करीब 5.40 लाख रुपये के सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। इस गिरोह की एक महिला सदस्य अभी फरार है।
प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध बैठे थे, तलाशी में निकला गांजा
पहली कार्रवाई में जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर कुछ लोग संदिग्ध परिस्थितियों में बैठे हैं और उनके पास नशीले पदार्थ की खेप हो सकती है।
सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 24 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और ट्रेन के जरिए इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
ट्रेन में महिला यात्री को बनाया निशाना, महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश
दूसरी कार्रवाई में जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी करने वाले महिला गिरोह का खुलासा किया है। करीब डेढ़ महीने पहले नागपुर रोड स्टेशन पर अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में एक महिला यात्री के हैंडबैग से सोने के जेवर चोरी हुए थे। महिला के स्टेशन पर उतरने के दौरान चोरी की वारदात हुई थी।
मामले की जांच के दौरान जीआरपी को जानकारी मिली कि महिला यात्रियों को झांसा देकर जेवर और पर्स चोरी करने वाली महिलाएं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के पोड़ी गांव में रहती हैं और समूह बनाकर ट्रेनों में वारदात करती हैं।
चोरी के जेवर पाइप के नीचे छिपाए
जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि चोरी के बाद आरोपी महिलाएं जेवरों को ग्राम घोघरा के पास एलीफेंट क्रॉसिंग के पाइप के नीचे छिपाकर रखती थीं।
इस सूचना के आधार पर जीआरपी टीम ने ग्राम केराडोल, थाना पोड़ी में दबिश देकर रिकी बसोंड (35) और वर्षा उर्फ कचरी बसोंड (23) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों वार्ड नंबर 1 केराडोल की रहने वाली हैं।
₹5.40 लाख के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 लाख 40 हजार रुपये के सोने के जेवर बरामद किए हैं। बरामद सामान में—
मंगलसूत्र — 20.610 ग्राम
झुमका जोड़ी — 15.090 ग्राम
कनौती जोड़ी — 4.160 ग्राम
3 लेडिस अंगूठियां — 6.410 ग्राम
1 जेंट्स अंगूठी — 2.050 ग्राम
शामिल हैं।
एक महिला आरोपी की तलाश जारी
जीआरपी थाना प्रभारी विश्वनाथ चक्रवर्ती के अनुसार गिरोह की एक अन्य सदस्य रितु उर्फ संतोषी बसोड (30) फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही गिरोह द्वारा ट्रेनों में की गई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ और जांच जारी है।
गिरफ्तार दोनों महिलाओं के खिलाफ धारा 305(C), 112 BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है और उन्हें रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
जीआरपी की इन दोनों कार्रवाइयों से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सक्रिय नशा तस्करों और चोरी करने वाले गिरोहों पर पुलिस की सख्ती साफ दिखाई देती है। एक ओर जहां पुलिस ने लाखों रुपये की नशीले पदार्थ की खेप पकड़कर तस्करी की कड़ी को खंगालना शुरू किया है, वहीं दूसरी ओर ट्रेन यात्रियों को निशाना बनाने वाले महिला चोर गिरोह पर भी शिकंजा कसा गया है।
पुलिस अब दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों का पता लगाने में जुटी है।





Post a Comment
0 Comments