Type Here to Get Search Results !

सूने मकान में नकबजनी का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत चोरी का माल खरीदने वाले 3 गिरफ्तार

सूने मकान में नकबजनी का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत चोरी का माल खरीदने वाले 3 गिरफ्तार

बिलासपुर। सकरी थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई नकबजनी के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत चोरी का सामान खरीदने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, सत्यानगर अमेरी निवासी अक्षय कुमार टाण्डे अपने परिवार के साथ तिफरा स्थित मकान में रहते हैं और अमेरी स्थित पुराने मकान में भी आना-जाना करते हैं। 29 अगस्त 2026 की रात वह अमेरी स्थित मकान में ताला लगाकर तिफरा चले गए थे। 16 सितंबर को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि अज्ञात चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए थे। चोरों ने कमरों और अलमारी के ताले तोड़कर नकदी, चांदी और कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट तथा 1.5 टन वोल्टास एसी समेत करीब 42 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया था।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सकरी पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अविनाश खांडे, निवासी सत्यानगर अमेरी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अविनाश ने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया और चोरी किए गए सामान को अलग-अलग लोगों को बेचने की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चोरी गया मशरूका बरामद किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश खांडे (24 वर्ष) के अलावा चोरी का सामान खरीदने के आरोप में सौरभ बंजारे (26 वर्ष), दीपेश गुप्ता (35 वर्ष) और रितेशधर शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में चोरी गए सामान की बरामदगी कर ली गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू, प्रधान आरक्षक रवि लहरे, आरक्षक मनोज बघेल, रुपेश कौशिक, सुनील सूर्यवंशी और पवन बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad