पत्नी को दूसरे पुरुष के साथ देख पति का हाईवोल्टेज ड्रामा, सड़क पर स्कूटी में तोड़फोड़
भोपाल। राजधानी भोपाल में देर रात जेके रोड पर पति-पत्नी के विवाद को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। बताया जा रहा है कि पति ने अपनी पत्नी को एक अन्य युवक के साथ देखा, जिसके बाद दोनों के बीच सड़क पर ही विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर हंगामा होने लगा और स्कूटी में तोड़फोड़ कर दी गई।
मामला अशोका गार्डन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, देर रात पति की नजर अपनी पत्नी पर पड़ी। पत्नी के साथ एक अन्य पुरुष मौजूद था। यह देखकर पति नाराज हो गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अशोका गार्डन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पत्नी वहां से चली गई, जिसके बाद पति और आसपास मौजूद लोगों द्वारा स्कूटी में तोड़फोड़ की गई।
तीन साल से चल रहा है पति-पत्नी के बीच विवाद
अशोका गार्डन चौकी प्रभारी पवन सेन के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पिछले करीब तीन साल से विवाद चल रहा है। पति तलाक की मांग कर रहा है। पुलिस के अनुसार, रात में पत्नी को एक युवक के साथ देखने के बाद पति और पत्नी के बीच सड़क पर कहासुनी हुई। पुलिस के मुताबिक, पति थाने पहुंचा था और उसने पुलिस से तलाक कराने की बात कही। उसने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं और वह काफी परेशान है।
अभी तक नहीं मिली शिकायत
पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच की जा रही है। देर रात जेके रोड जैसे व्यस्त इलाके में हुए इस विवाद के चलते कुछ देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। सड़क पर हुए हंगामे को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।


Post a Comment
0 Comments