Type Here to Get Search Results !

19 साल से बिलासपुर में रह रहा था संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक, फर्जी दस्तावेजों से भारतीय पहचान बनाने का आरोप; STF ने दबोचा

19 साल से बिलासपुर में रह रहा था संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक, फर्जी दस्तावेजों से भारतीय पहचान बनाने का आरोप; STF ने दबोचा

बिलासपुर, 24 सितंबर 2026। बिलासपुर में अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध विदेशी नागरिकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच STF और जिला विशेष शाखा की संयुक्त टीम ने सरकंडा क्षेत्र से एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 19 वर्षों से बिलासपुर में रह रहा था और उसके पास भारतीय पहचान से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बांग्लादेश डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

20 दिन पहले होल्डिंग सेंटर से हुआ था फरार

पुलिस के मुताबिक, STF द्वारा जिले में संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार जांच और पतासाजी की जा रही है। करीब 20 दिन पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पूछताछ के दौरान आरोपी को रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा गया था, जहां से वह फरार हो गया था।

इसके बाद STF की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी।

इसी दौरान निरीक्षक संजय शिंदे को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति सरकंडा क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने उसके संभावित ठिकानों और आवाजाही पर निगरानी शुरू की।

सुबह 5 बजे सूर्या विहार कॉलोनी में दबिश

24 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे STF और जिला विशेष शाखा की संयुक्त टीम ने सूर्या विहार कॉलोनी में दबिश देकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी इससे पहले सरकंडा के बंगालीपारा गली नंबर-3 में भी रह चुका था।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अतीक हुसैन पिता स्व. मोहम्मद हुसैन, उम्र 42 वर्ष बताया। पुलिस के मुताबिक उसने अपना मूल पता ग्राम नाईखोने, थाना अरैहजार, जिला नारायणगंज, ढाका, बांग्लादेश बताया है। पुलिस के अनुसार अतीक ने वर्ष 2005 में बांग्लादेश से भारत आने और वर्ष 2005 से 2007 तक तमिलनाडु में रहने के बाद बिलासपुर आने की बात बताई है।

NTPC सीपत में करता था लिफ्ट मेंटेनेंस का काम

पुलिस के मुताबिक अतीक हुसैन पिछले करीब 19 वर्षों से NTPC सीपत में BECO LIFTS PRIVATE LIMITED में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम कर रहा था। जिस किराये के मकान में वह रह रहा था, वहां जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। इनमें—

- भारतीय पासपोर्ट

- आधार कार्ड

- पैन कार्ड

- वोटर आईडी

- ड्राइविंग लाइसेंस

- निवास प्रमाण पत्र

- जाति प्रमाण पत्र

- नौवीं कक्षा की अंकसूची

सहित अन्य दस्तावेज शामिल बताए गए हैं।

दस्तावेजों की वैधता की जांच जारी

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान अतीक हुसैन ने इन दस्तावेजों को गलत तरीके से बनवाने की बात स्वीकार की है। हालांकि दस्तावेज वास्तव में कैसे तैयार हुए, किस स्तर पर तैयार कराए गए और उनमें दर्ज जानकारी की वैधता क्या है—इसकी विस्तृत जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

रायपुर होल्डिंग सेंटर भेजने की कार्रवाई

बिलासपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बांग्लादेश डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आगे की प्रक्रिया पूरी होने तक उसे रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा संबंधित बांग्लादेशी दूतावास को मामले की जानकारी देने की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की बात कही गई है।

STF और जिला विशेष शाखा की टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा STF की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रशमीत कौर चावला के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक संजय शिंदे, जिला विशेष शाखा के उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षक कमल साहू और आरक्षक अभिषेक यादव की भूमिका रही।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने पुलिस की अपील

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह हो अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

इसके लिए पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। 

पुलिस के अनुसार अवैध घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad