क्राइम न्यूज़ | बिलासपुर: सीपत में दबंगई! शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मामा-भांजे की बेरहमी से पिटाई, नगदी लूटने के बाद PhonePe से भी कराए ₹2 हजार ट्रांसफर
बसहा गांव में डंडे, बेल्ट और पाइप से हमला करने का आरोप, दोनों घायल सिम्स में भर्ती; लूट की धारा नहीं लगाने पर परिजनों ने उठाए सवाल
बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में दबंगई और जबरन वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम बसहा में तालाब के पास खड़े मामा-भांजे से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और इनकार करने पर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य लोगों ने दोनों युवकों को घेरकर डंडे, बेल्ट और पाइप से जमकर पीटा। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद उनसे 5 हजार रुपये नगद छीनने और PhonePe के जरिए 2 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर कराने की भी शिकायत की गई है।
शराब के लिए पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गणेश कुमार चंद्राकर ग्राम किशुनगढ़, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम का निवासी है। वह सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम डंगनिया में अपने जीजा के घर आया हुआ था। 26 सितंबर की शाम वह अपने भांजे दुखभंजन के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम करमा स्थित अपने मामा के घर गया था। वहां खाना खाने के बाद दोनों रात करीब 10:30 बजे डंगनिया लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे ग्राम बसहा में तालाब के पास दोनों रुक गए। आरोप है कि तभी गांव के शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और दोनों के वहां खड़े होने को लेकर विवाद करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने और गाली देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया।
डंडे, बेल्ट और पाइप से किया हमला
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने एक राय होकर दोनों को जान से मारने की धमकी दी और डंडे, बेल्ट तथा पाइप से बेरहमी से मारपीट की। हमले में गणेश कुमार के पीठ, हाथ, पैर और पेट में चोटें आईं। वहीं, उसके भांजे दुखभंजन के सिर, पीठ, गर्दन, छाती, गाल, कान, जांघ और पैर में चोट लगने की बात सामने आई है।
5 हजार नगद लेने के बाद PhonePe से भी कराए पैसे ट्रांसफर
इस घटना में मारपीट के साथ जबरन वसूली का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने दोनों युवकों की जेब में रखे 5 हजार रुपये नगद ले लिए। इसके बाद PhonePe के माध्यम से 2 हजार रुपये और ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए। बताया जा रहा है कि यह रकम राहुल कुमार मरावी के नाम से संचालित खाते में भेजी गई।
घटना के बाद किसी तरह गणेश कुमार ग्राम डंगनिया पहुंचा और अपने जीजा घनश्याम कश्यप को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद सीपत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 119(1), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लूट की धारा नहीं लगाने पर परिजनों ने उठाए सवाल
परिजनों का कहना है कि दोनों युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट करने के अलावा उनसे 5 हजार रुपये नगद और PhonePe के जरिए 2 हजार रुपये जबरन लिए गए। इसके बावजूद पुलिस ने लूट की धारा में मामला दर्ज नहीं किया है। परिजनों ने दर्ज धाराओं को लेकर सवाल उठाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सभी लागू कानूनी धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
सिम्स में चल रहा इलाज, एक घायल को रायपुर रेफर करने की जानकारी
मारपीट में घायल दोनों युवकों का बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार, दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। एक घायल युवक के सिर में खून जमने की बात भी सामने आई है। उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों पर लगाए गए मारपीट, धमकी और जबरन पैसे लेने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।





Post a Comment
0 Comments