बिलासपुर पुलिस को मिली नई सौगात: DGP अरुण देव गौतम ने CSP कार्यालय सिविल लाइन, पचपेड़ी थाना भवन और ई-मालखानों का किया लोकार्पण
रतनपुर और पचपेड़ी में ई-मालखाना शुरू, पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और पारदर्शिता को मिलेगा बढ़ावा
बिलासपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने बिलासपुर जिले में पुलिस अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवीन पुलिस भवनों एवं ई-मालखानों का लोकार्पण किया। इस दौरान सिविल लाइन स्थित नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) कार्यालय के नवीन भवन, पचपेड़ी में नवीन थाना भवन एवं ई-मालखाना तथा रतनपुर में ई-मालखाना का लोकार्पण किया गया।
इन नई सुविधाओं के शुरू होने से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध होगा। साथ ही आम नागरिकों को पुलिस सेवाएं प्रदान करने, शिकायतों के निराकरण और थानों के कामकाज को अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।
ई-मालखाने से जब्त संपत्ति का होगा बेहतर प्रबंधन
पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग की दिशा में रतनपुर और पचपेड़ी में ई-मालखाने की शुरुआत को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से जब्त एवं विभिन्न आपराधिक प्रकरणों से संबंधित संपत्तियों के सुरक्षित और व्यवस्थित संधारण तथा अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
ई-मालखाना व्यवस्था से संपत्ति के रिकॉर्ड को अधिक पारदर्शी तरीके से संधारित करने, जवाबदेही बढ़ाने और पुलिस कार्यप्रणाली को तकनीक आधारित बनाने में सहयोग मिलेगा।
IG रामगोपाल गर्ग के प्रयासों से पुलिसिंग में आधुनिकीकरण
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग द्वारा बेसिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने, आधुनिक तकनीक को अपनाने और नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस थानों को डिजिटल बनाने तथा विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की पहल के तहत ई-मालखानों की स्थापना को अहम उपलब्धि माना जा रहा है।
SSP रजनेश सिंह के प्रयासों से मजबूत हो रहा पुलिस का बुनियादी ढांचा
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह द्वारा जिले में पुलिस विभाग की आधारभूत संरचना और सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रक्षित केंद्र, CSP कार्यालय, आईयूसीए कार्यालय, बालक विरुद्ध अपराध अनुसंधान इकाई, पचपेड़ी थाना, केंदा चौकी, SDOP/CSP आवासीय भवन तथा अधिकारी-कर्मचारी आवासीय भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी गई है।
इनमें कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि अन्य कार्य प्रक्रियाधीन हैं। इन सुविधाओं के विस्तार से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के साथ ही जिले में पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पुलिस महानिदेशक ने अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
लोकार्पण के अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने जिला पुलिस के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आश्वस्त किया। पुलिस विभाग का उद्देश्य आधुनिक संसाधनों, बेहतर कार्यस्थलों और तकनीकी सुविधाओं के माध्यम से पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, SDOP कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय, संबंधित थाना स्टाफ तथा विभिन्न समाचार माध्यमों के पत्रकार उपस्थित रहे।
नवीन भवनों और ई-मालखानों का लोकार्पण बिलासपुर पुलिस के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने, डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने और नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।






Post a Comment
0 Comments