हाईकोर्ट के आदेश को नायब तहसीलदार का ठेंगा सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन, केक काटने और आतिशबाजी का वीडियो वायरल
रायपुर/अभनपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर में नायब तहसीलदार विपिन पटेल का बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर गाड़ी रोककर केक काटते और इसके बाद आतिशबाजी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद सार्वजनिक सड़कों पर नियमों के पालन और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गाड़ी की डिक्की से निकाला केक, फिर की आतिशबाजी
वायरल वीडियो में नायब तहसीलदार विपिन पटेल कार नंबर CG-04-NY-1910 के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। वे गाड़ी की डिक्की खोलते हैं, जिसमें केक और ‘हैप्पी बर्थडे’ का टैग नजर आता है। इसके बाद वे केक काटते हैं।
केक काटने के बाद मौके पर आतिशबाजी शुरू हो जाती है। वीडियो में एक युवक आतिशबाजी का इंतजाम करते हुए भी दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर रील के रूप में अपलोड किया गया है, जिसमें सलमान खान की फिल्म का लोकप्रिय गाना ‘ओ-ओ जाने जाना’ बज रहा है।
हाईकोर्ट की सख्ती के बीच सड़क पर जश्न
छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने, स्टंट करने और यातायात बाधित करने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में सड़क सुरक्षा और आम लोगों की आवाजाही को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
सार्वजनिक सड़कों पर नियमों के पालन को लेकर हाईकोर्ट की सख्ती के बीच नायब तहसीलदार का कथित वीडियो वायरल होने से एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। सवाल उठ रहा है कि जब आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपेक्षा की जाती है, तो जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों के आचरण में भी इन नियमों का पालन दिखाई देना चाहिए।
प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी नजरें
वीडियो वायरल होने के बाद मामले में प्रशासन की संभावित कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस मामले में प्रशासन की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग वायरल वीडियो की जांच करता है या नहीं और मामले में कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं।








Post a Comment
0 Comments