सकरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हेरोइन सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार
11.73 ग्राम हेरोइन के साथ पहले पकड़ा गया था बिलासपुर का आरोपी, पूछताछ में हुआ सप्लायर का खुलासा; सकरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने अमृतसर में दी दबिश
बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में सकरी पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई करने वाले एक कथित मुख्य सप्लायर को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष) निवासी महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अमृतसर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर बिलासपुर लाया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
उसलापुर में 2.34 लाख रुपये की हेरोइन के साथ पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में टीम लगातार नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान 24 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नीली हाफ टी-शर्ट और जींस पहने, पावर चश्मा लगाए उसलापुर के हांफा रोड बाजार के आसपास हेरोइन (चिट्टा) बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और हांफा रोड उसलापुर के पास घेराबंदी कर दीपक वालिया (32 वर्ष) को पकड़ लिया। वह मूल रूप से सुभाष कॉलोनी, थाना बी डिवीजन, जिला अमृतसर (पंजाब) का निवासी है और वर्तमान में वास्तु शिखर अपार्टमेंट, उसलापुर में रह रहा था।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत पुलिस ने 2 लाख 34 हजार 600 रुपये बताई। इसके अलावा 10 हजार 500 रुपये नगद भी जब्त किए गए। इस मामले में थाना सकरी में अपराध क्रमांक 992/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर दीपक वालिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था।
पूछताछ में सामने आया अमृतसर के सप्लायर का नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दीपक वालिया ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि उसने बरामद हेरोइन अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की आगे की जांच करते हुए नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने के लिए कार्रवाई शुरू की।
अमृतसर में घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
मामले में कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए थाना सकरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम पंजाब के अमृतसर पहुंची। वहां सुल्तान विंड क्षेत्र में दबिश देकर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जिला न्यायालय अमृतसर से आरोपी का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया और उसे बिलासपुर लाकर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक राजेशधर दीवान एवं एसीसीयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।







Post a Comment
0 Comments