धनबाद: 13-03-2024
कोलियरी और कोयला क्षेत्रों में वर्चस्व को लेकर मारपीट और फायरिंग जैसी घटनाओं को लेकर एसएसपी हृदीप पी जनार्दनन ने बीसीसीएल के अधिकारियों के साथ बैठक की. पुलिस ऑफिस में हुई बैठक में कोलियरी क्षेत्रों में आए दिन होने वाले टकराव को रोकने पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि किसी हाल में कोयला चोरी नहीं होने देंगे। आउटसोर्सिंग और ट्रांसपोर्टिंग में किसी की मनमानी नहीं चलेगी। कोलियरी और लोडिंग प्वाइंटों पर हर हाल में विधि व्यवस्था कायम रखनी होगी। उन्होंने कहा कि बीते दिनों अलग-अलग जगहों पर वर्चस्व को लेकर हुए खून-खराबे को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। पुलिस ने जिलेभर में आपराधिक छवि वाले करीब 700 लोगों की सूची तैयार की है। इनमें से जिस किसी के खिलाफ तीन मामले दर्ज होंगे, उनपर सीसीए की कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। उन्होंने बीसीसीएल के जीएम से कोलियरियों में विधि व्यवस्था को लेकर उत्पन्न समस्याओं के संबंध में चर्चा की। पुलिस, बीसीसीएल और सीआईएसएफ के संयुक्त प्रयास से कार्य करने का निर्णय लिया गया। सभी जीएम से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के थाने में पुलिस के साथ समन्वय बनाकर ससमय सूचनाएं दें। मौके पर सीआईएसएफ के डीआईजी विनय काजला, सिटी एसपी अजीत कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी के अलावा बीसीसीएल के डीटी संजय कुमार सिंह व बीसीसीएल के सभी 12 क्षेत्रों के जीएम और सभी डीएसपी उपस्थित थे।




Post a Comment
0 Comments