बाघमारा अंचल के जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण बाघमारा प्रखंड के कई जगहों पर सरकारी जमीनों की लूट और अतिक्रमण लगातार जारी है. सरकारी जमीन पर कब्जा करने और रास्ता बंद करने की ताजा जानकारी कतरास थाना क्षेत्र के श्यामडीह से मिल रही है. जिसकी शिकायत राम औतार विश्वकर्मा, सत्यनारायण पाण्डेय, सुनिल सिंह, विरेन्द्र सिंह, मुन्शी शर्मा, सोमशेखर शर्मा, जितेन्द्र विश्वकर्मा, गौतम गोस्वामी आदि स्थानीय ग्रामीणों ने कतरास थाना से भी की है. ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि मोहम्मद जमरूद्दीन अंसारी, कमरुद्दीन अंसारी एवं उनके पुत्रों के द्वारा श्यामडीह रिलायबल शो रूम के बगल में हीरक रॉड के किनारे सरकारी खाते की गैराबाद भूमि पर अवैध निर्माण कर रास्ता बंद किया जा रहा है. कब्जाधारी रात के अंधेरे में अवैध निर्माण कार्य करते हैं जिस पर प्रशासन के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2018 में ही इस मामले की शिकायत उपायुक्त धनबाद, एसडीओ धनबाद, भू अर्जन पदाधिकारी धनबाद, एसएसपी धनबाद, बाघमारा विधायक, वार्ड एक के पार्षद एवं थाना प्रभारी कतरास को दी गई थी. मामले में अंचल कार्यालय के द्वारा जांच पड़ताल भी किया गया था, लेकिन अब तक अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई. जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं. ग्रामीणों ने बताया कि अवैध निर्माण का विरोध करने पर अतिक्रमणकारी जमरूद्दीन अंसारी, कमरुद्दीन अंसारी एवं उनके पुत्रो के द्वारा खूनी संघर्ष करने की धमकी दी जाती है. थाने में शिकायत करने के बावजूद भी शुक्रवार, शनिवार और रविवार की रात लगातार निर्माण कार्य किया गया. किसके संरक्षण में अवैध निर्माण कार्य किया जा रहा है? किसके संरक्षण में सरकारी जमीनें लूटी जा रही है? आखिर स्थानीय प्रशासन सरकारी जमीन पर कब्जा होने की शिकायत मिलने के बावजूद भी चुप्पी साधे क्यों बैठी है? अंचल कार्यालय के द्वारा मामले में जाँच पड़ताल करने के बावजूद भी अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नही करती है? ऐसे कई सवाल है जो जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों के कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हैं?
बताते चले कि बाघमारा के डूमरा अस्पताल के समीप मुख्य मार्ग के किनारे भूमाफियाओं ने सरकारी जमीन पर कब्जा करके दुकान बना लिया है. दुकानों पर शटर भी चढ़ा लिया है. जबकि शिकायत मिलने पर दुकान निर्मित होने से पूर्व बाघमारा सीओ रविभूषण प्रसाद एवं स्थानीय थाना ने उक्त स्थल का निरीक्षण भी किया था. हैरानी वाली बात यह रही कि निरीक्षण के बाद तेजी से अवैध निर्माण कार्य हुआ. मामले में अब तक एक भी भूमाफियाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नही की गई.

Post a Comment
0 Comments