सीओ के सिक्योरिटी गार्ड सीओ से मिलने नहीं देते हैं- विकास रजवार (ग्रामीण)
कतरास: 10-08-2024
सरकारी अधिकारियों की लीला अपरंपार है. जिसमें आम लोग उलझ कर रह जाते हैं. क्या सही और क्या गलत यह तो जाँच पड़ताल के बाद पता चल सकेगा. मामला ग्राम स्वराज के जगत महतो को लेकर है, जिसमें दो अधिकारियों के बयान ने सभी को कंफ्यूज़ करके रख दिया है. एक बयान बाघमारा अंचल अधिकारी का है जिसमें वह साफ-साफ कह रहे हैं कि उन्होंने जगत महतो के विरुद्ध थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं की है. जबकि वहीं बाघमारा थानेदार चिरंजीत कुमार का कहना है कि जगत महतो के खिलाफ बाघमारा सीओ ने लिखित शिकायत देकर कहा है कि जगत महतो बार-बार धरना आदि में बैठकर हो हंगामा करते हैं. अब कौन सही बोल रहा है और कौन गलत ये तो जांच का विषय है. लेकिन जो भी हो यह मामला फिलहाल तूल पकड़ता दिख रहा है.
2022 में आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में दिया था आवेदन, अब तक कार्रवाई नही हुई- विकास रजवार(ग्रामीण)
दरअसल जमीन संबंधित मामले और आरटीआई एक्ट के तहत सूचना उपलब्ध नहीं करने को लेकर ग्राम स्वराज अभियान का धरना लगातार दूसरे दिन अंचल कार्यालय में जारी रहा. धरने में बैठे लौहपिट्टी के शिवकुमार महतो ने बताया कि उन्होंने डेढ़ वर्ष पहले आपकी सरकार आपके द्वार योजना में जमीन का ऑनलाइन प्रविष्टीकरण के लिए आवेदन दिया था लेकिन अब तक उनका आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं किया गया. हरिना बस्ती निवासी विकास रजवार ने कहा कि वर्ष 2022 में सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम में अपने जमीन का ऑनलाइन रसीद कटवाने के लिए आवेदन दिए थे जिस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं किया गया है. जमीन का नया पुराना खतियान भी है. इन्फॉर्मेशन भी है. पंजी-2 में भी चढ़ा हुआ है. 2012-13 तक ऑफलाइन रसीद भी कटा हुआ है. उसके बावजूद भी मेरा जमीन का ऑनलाइन रशीद निर्गत नही किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सीओ से कई बार मिलने का कोशिश किये लेकिन सीओ का सुरक्षाकर्मी (सिक्योरिटी गार्ड) सीओ से मिलने नही देता है. इसके अलावा अन्य कई पंचायत के दर्जनों महिला पुरुष भी अपनी अलग-अलग शिकायतों को लेकर धरने में पहुंचे थे.
जब तक सूचना नहीं मिलेगा तब तक धरना अनिश्चितकालीन जारी रहेगा- जगत महतो
मामले को लेकर ग्राम स्वराज अभियान के संस्थापक सह आरटीआई कार्यकर्ता जगत महतो ने बताया कि ग्रामीणों के म्यूटेशन, ऑनलाइन रशीद काटने, ऑनलाइन सुधार, जमीन संबंधी ऑनलाइन प्रविष्टीकरण, जमीन विवाद में मापी आदि के लंबित मामलों को लेकर अंचल कार्यालय में आरटीआई आवेदन दिया गया था. आरटीआई एक्ट के तहत निर्धारित समय पर अंचल कार्यालय द्वारा सूचना उपलब्ध नहीं कराने पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समीप धरना दिया जा रहा है. जब तक सूचना नहीं मिलेगा तब तक धरना अनिश्चितकालीन जारी रहेगा.
शिकायत मिली है, जांचोपरांत कार्रवाई होगी- थाना प्रभारी बाघमारा
बाघमारा थाना प्रभारी ने बताया कि अंचलाधिकारी बाघमारा से जगत महतो के विरुद्ध शिकायत मिली है, जांचों परांत कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस को मामले की जानकारी दी है, लिखित शिकायत नही किया है- बाघमारा सीओ
जबकि अंचलाधिकारी बाघमारा रवि भूषण प्रसाद ने कहा जगत महतो के द्वारा कार्यालय छुट्टी के दिन कार्यालय के समक्ष धरना दिया जा रहा था जिसको लेकर बाघमारा पुलिस को जानकारी दी गई थी लेकिन उन्होंने इस मामले में कोई लिखित शिकायत अथवा सनहा दर्ज नहीं कराया है. साथ ही कहा कि धरने में बैठे सभी लोगों से बातचीत करके कागजात ले ली गई है। जल्द ही सभी ग्रामीणों के आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए सभी आवेदनों का निष्पादन कर दिया जायेगा. सिक्योरिटी गार्ड के द्वारा सीओ से नहीं मिलने दिए जाने की बात को उन्होंने पूरी तरह से गलत बताया. कहा कि कार्यालय में कोई भी हमसे आसानी से मिलकर अपनी समस्याओं को रख सकता है.






Post a Comment
0 Comments