Type Here to Get Search Results !

नगरीय निकाय कर्मियों की हड़ताल समाप्त, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दिया आश्वासन

नगरीय निकाय कर्मियों की हड़ताल समाप्त, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दिया आश्वासन

उपमुख्यमंत्री साव से मिला आश्वासन- नगरीय निकायों के कर्मियों ने की हड़ताल समाप्त
(दुलाल मुखर्जी बिलासपुर)

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में कार्यरत कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां, कमांडोज और प्लेसमेंट कर्मचारी अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर काम पर लौट आए हैं। रायपुर स्थित उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के सरकारी निवास कार्यालय में 18 दिसंबर को हुई बैठक के बाद संघ के प्रतिनिधियों ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की।

छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ और छत्तीसगढ़ स्वच्छता दीदी, महिला/पुरुष महासंघ के प्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री से अपनी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया। श्री साव ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर सजग और संवेदनशील है।

श्री साव ने जोर देकर कहा कि समस्याओं का समाधान संवाद और समझौते से संभव है, हड़ताल या आंदोलन अंतिम विकल्प नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हड़ताल से शहरों की महत्वपूर्ण सेवाएं बाधित होती हैं, जो आम जनता के लिए असुविधा का कारण बनती हैं।

इस दौरान छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ के उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी, प्रवक्ता विकास मिश्रा, कोषाध्यक्ष संदीप चंद्राकर, और संरक्षक संजय शर्मा मौजूद रहे। वहीं, स्वच्छता महासंघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पवन नायक, उपाध्यक्ष सुश्री निर्मला मैथ्यू और सचिव सुश्री सुनीता देवांगन ने चर्चा में भाग लिया।

 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad