ADD US AS A PREFERRED SOURCE
Follow Us On Google Join my WhatsApp group

नगर निगम कर्मचारियों पर हमले में त्वरित पुलिस कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार — एसपी से मिले सफाई कर्मचारी, मिला सुरक्षा का भरोसा

नगर निगम कर्मचारियों पर हमले में त्वरित पुलिस कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार — एसपी से मिले सफाई कर्मचारी, मिला सुरक्षा का भरोसा

बिलासपुर। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की घटना के बाद पुलिस ने गंभीर रुख अपनाते हुए मुख्य आरोपी अरुण मानिकपुरी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार साथियों की तलाश तेज कर दी गई है।

शुक्रवार को सभी पीड़ित सफाई कर्मचारी पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटना की पूरी जानकारी देते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। पुलिस अधीक्षक ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का भरोसा दिलाया।

एसपी राजनेश सिंह ने कहा,

“हमारा दायित्व है कि शहर की सफाई व्यवस्था में लगे कर्मचारियों को पूर्ण सुरक्षा दी जाए। जो भी इस तरह की हरकत करेगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके साथियों को भी जल्द पकड़ा जाएगा।”

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केवट भी मौजूद रहे। उन्होंने मीडिया को बताया,

“प्रारंभिक शिकायत मिलते ही हमने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बाकी सहयोगियों की पहचान की जा रही है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।”

नगर निगम कर्मचारी कीर्ति बर्मन ने बताया कि आरोपी सफाई के दौरान रोज गाली-गलौज करता, चाकू से धमकाता और मारपीट करता था। गिरजा शंकर बर्मन ने कहा कि आरोपी और उसके साथी हमेशा शराब के नशे में रहते हैं और उनके भाई पर हमला भी कर चुके हैं। गुरुवार को भी आरोपी ने उनका पीछा किया था।

कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और आरोपी के सभी फरार साथियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी स्थिति में असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad