धान उठाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कलेक्टर ने मिलर्स को दी सख्त चेतावनी
मुंगेली
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले के 105 उपार्जन केन्द्रों में खरीदे गए धान के समयबद्ध उठाव को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में राइस मिलर्स की विस्तृत बैठक लेकर कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए।
बैठक में धान उठाव की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी मिलर्स तत्काल प्रभाव से खरीदी केन्द्रों से शेष धान का उठाव पूर्ण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में और विलंब हुआ तो संबंधित मिलर्स के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अनुपस्थित रहे चार मिलर्स पर असंतोष जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए कि धान का उठाव एवं परिवहन कार्य केवल जीपीएस युक्त वाहनों से ही किया जाए। बिना जीपीएस वाले वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात कही गई, ताकि अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
बैठक के दौरान मिलर्स ने धान की बोरियों में पानी डालकर वजन बढ़ाने की मिल रही शिकायतों का मुद्दा भी उठाया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग करने पर जोर देते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी व्यवस्थाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संचालित होना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी, जी.एल. यादव, जिला खाद्य अधिकारी पंकज सेतपाल, एआरसीएस हितेश श्रीवास, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम संदीप शर्मा, सीसीबी नोडल अधिकारी संतोष सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस सख्ती से स्पष्ट है कि धान खरीदी एवं उठाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस खबर के प्रयोजक है ANSHIKA UDYOG


Post a Comment
0 Comments