बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर ज्वेलर्स कारोबारी से लूट, हमला कर जेवर से भरी कार ले भागे बदमाश
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में गुरुवार रात बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। राजकिशोर नगर के बियाबान टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर सशस्त्र बदमाशों ने एक ज्वेलर्स कारोबारी पर हमला कर जेवरात से भरी कार लूट ली। वारदात के दौरान लाठी और हथौड़े से कार का शीशा तोड़कर कारोबारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना का संघर्ष वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर क्विड कार से जेवरात लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान इको कार और बुलेट पर सवार 8–10 बदमाशों ने उनका पीछा किया और सुनसान सड़क पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कारोबारी को घायल कर उनकी कार लेकर फरार हो गए, जबकि अपनी इको और बुलेट वहीं छोड़ गए।
घायल कारोबारी को बहतराई रोड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है। सूचना मिलते ही शहर के कई थानों की पुलिस, आईजी और एसएसपी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से भरा मैगजीन और कारतूस मिलने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।
भाजपा पार्षद जय वाधवानी ने बताया कि उन्हें टेलीफोन एक्सचेंज के पास मारपीट की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने सरकंडा थाने में खबर दी। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत और फिंगरप्रिंट जुटाए, वहीं पुलिस डॉग ने महावीर सिटी की ओर दौड़ लगाई।
बताया जा रहा है कि आरोपी बेहद बेखौफ थे और अपनी इको कार के पीछे “लीलेश गोविंद” लिखकर भाग निकले। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले से रेकी कर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।




Post a Comment
0 Comments