दिनदहाड़े ‘मुरूम लूट’ का खुला खेल: लोफंदी में बेखौफ खनन, शिकायतों के बाद भी नहीं थमा अवैध कारोबार- प्रशासन मौन या मिलीभगत......?
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर। जिले के ग्राम पंचायत लोफंदी में खनिज माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जहां दिन के उजाले में ही पोकलेन मशीनों से मुरूम की अवैध खुदाई खुलेआम की जा रही है। प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों के बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है, जिससे पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बिलासपुर शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित इस गांव में खनिज चोरी का नेटवर्क इस कदर सक्रिय है कि अब अवैध खनन करने वालों में किसी प्रकार का भय नहीं बचा है और वे बेखौफ होकर अपने काम को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों और ग्राम पंचायत के सरपंच अयोध्या देवांगन ने इस मामले को लेकर कलेक्टर को कई बार शिकायत दी है। उनका कहना है कि खनिज विभाग को चार से पांच बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतों का सिलसिला जारी है, फिर भी हालात जस के तस बने हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जब भी कार्रवाई की टीम के पहुंचने की सूचना मिलती है, उससे पहले ही अवैध खनन करने वाले मौके से फरार हो जाते हैं, जिससे यह संदेह गहराने लगा है कि कहीं न कहीं से कार्रवाई की जानकारी पहले ही लीक हो रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खनिज विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। उनका कहना है कि हर बार शिकायत के बाद केवल आश्वासन ही मिलता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती। वहीं इस पूरे मामले पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन सीमित संसाधनों और समय के कारण हर स्थान पर एक साथ पहुंच पाना चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे एकजुट होकर विरोध करें, जिससे अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सके।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी के पास अधिकारियों की संलिप्तता के ठोस प्रमाण हैं, तो उन्हें सामने लाया जाए ताकि संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। फिलहाल ग्राम पंचायत लोफंदी में मुरूम की अवैध खुदाई का मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां खनिज माफियाओं की सक्रियता और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच की दूरी साफ तौर पर दिखाई दे रही है।



Post a Comment
0 Comments