Type Here to Get Search Results !

सकरी थाना बना प्यासा थाना! पिछले 10 दिनों से पीने के पानी का संकट, थाना स्टाफ और आम जनता बेहाल

सकरी थाना बना प्यासा थाना! पिछले 10 दिनों से पीने के पानी का संकट, थाना स्टाफ और आम जनता बेहाल


सकरी/बिलासपुर/छत्तीसगढ़| Dulal Mukherjee 

POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤 

बिलासपुर जिले के सकरी थाना में इन दिनों मूलभूत सुविधा की भारी कमी देखने को मिल रही है। जानकारी के अनुसार पिछले लगभग 10 दिनों से थाना परिसर में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे थाना स्टाफ से लेकर अपनी शिकायत लेकर आने वाले आम नागरिक तक परेशान हैं। स्थिति इतनी खराब बताई जा रही है कि थाना परिसर में पानी रखने के लिए फ्रिज तो मौजूद है, लेकिन उसमें पानी ही उपलब्ध नहीं है। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच पुलिसकर्मियों एवं फरियादियों को प्यास बुझाने के लिए थाने से दूर पैदल जाकर दुकानों से बिसलेरी और एक्वाफिना जैसी बोतलबंद पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां एक ओर शासन-प्रशासन जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे करता है, वहीं दूसरी ओर एक थाना परिसर में ही पीने के पानी जैसी आवश्यक सुविधा का अभाव कई सवाल खड़े करता है। थाने में आने वाले लोगों का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने या अन्य कार्यों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, लेकिन इस दौरान पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब सवाल यह उठता है कि जब कानून व्यवस्था संभालने वाले थाना परिसर में ही मूलभूत सुविधाओं का यह हाल है, तो आम जनता को बेहतर सुविधाएं देने के दावे कितने जमीनी हैं? फिलहाल लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सकरी थाना में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि थाना स्टाफ और आम जनता को राहत मिल सके। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad