Type Here to Get Search Results !

अवैध प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, प्रेमिका से मिलने पहुँचे प्रेमी की पति और नाबालिग बेटे ने की हत्या, चंद घंटों में आरोपी पुलिस के गिरफ्त में

अवैध प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, प्रेमिका से मिलने पहुँचे प्रेमी की पति और नाबालिग बेटे ने की हत्या, चंद घंटों में आरोपी पुलिस के गिरफ्त में 


POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤 

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में विवाहेत्तर प्रेम संबंध के चलते एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के पति और उसके नाबालिग पुत्र को अभिरक्षा में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या की गई।


पुलिस के अनुसार, लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम राम्हेपुर निवासी दावेन्द्र कुमार बघेल 30 मई को सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक महिला से मिलने पहुँचा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले लगभग दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। इसी दौरान महिला के पति शिव कुमार कामले को इस संबंध की जानकारी मिल चुकी थी और उसने पत्नी को मृतक से संपर्क नहीं रखने की चेतावनी भी दी थी।

बताया जा रहा है कि घटना के दिन दावेन्द्र बघेल महिला को मोबाइल सिम देने के लिए उसके घर पहुँचा था। उसे देखकर महिला के पति ने अपने पुत्र के माध्यम से उसे घर के भीतर बुलाया। इसके बाद बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि पति और उसके नाबालिग पुत्र ने मिलकर दावेन्द्र बघेल के साथ मारपीट की और बाद में प्लास्टिक की सुतली तथा मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंट दिया। घटना के बाद युवक का शव घर के एक कमरे में मिला। मृतक के भाई जितेन्द्र कुमार बघेल की शिकायत पर सकरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से अपना जुर्म स्वीकार किया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता और उसके नाबालिग पुत्र को अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सकरी पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। घटना के खुलासे और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उमेश साहू सहित सकरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad