क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) की MSME Lean योजना के तहत बिलासपुर प्रेस क्लब में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों ने भाग लिया।
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर। क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) की एमएसएमई लीन योजना के तहत प्रेस क्लब बिलासपुर में जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों ने भाग लेकर गुणवत्ता सुधार, उत्पादकता वृद्धि और व्यवसाय विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। कार्यक्रम के आयोजन में आरोग्य ग्रामीण हेल्थकेयर फाउंडेशन ने सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को एमएसएमई लीन योजना, लागत में कमी, गुणवत्ता प्रबंधन, उत्पादकता बढ़ाने और विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परियोजना समन्वयक संध्या, प्रशिक्षक आकाश सातपूते और सहायक किशन बरेठ ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थानीय उद्योगों को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। वक्ताओं ने बताया कि क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा संचालित एमएसएमई लीन योजना उद्योगों में गुणवत्ता आधारित कार्य संस्कृति विकसित करने, उत्पादन प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए उद्यमी विभिन्न शासकीय योजनाओं, अनुदान और प्रोत्साहन लाभों का भी फायदा उठा सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें अपने उद्योगों में लीन पद्धति अपनाकर गुणवत्ता और उत्पादकता में सुधार लाने के लिए प्रेरित किया गया। आरोग्य ग्रामीण हेल्थकेयर फाउंडेशन ने भविष्य में भी क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के सहयोग से ऐसे जागरूकता एवं क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर बिलासपुर प्रेस क्लब के सचिव संदीप करिहार, पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




Post a Comment
0 Comments