Type Here to Get Search Results !

आधी रात शहर की मुख्य सड़क पर डंडे लहराते दिखे बाइक सवार, वायरल वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

आधी रात शहर की मुख्य सड़क पर डंडे लहराते दिखे बाइक सवार, वायरल वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

बिलासपुर। न्यायधानी में कानून व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर एक वायरल वीडियो ने सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे गांधी चौक के पास कुछ युवक दोपहिया वाहनों पर सवार होकर सड़क पर घूमते नजर आए। वीडियो में युवकों के हाथों में डंडे दिखाई दे रहे हैं और वे बाइक पर सवार होकर डंडे लहराते हुए आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में करीब चार से पांच मोटरसाइकिलों पर सवार युवक दिखाई दे रहे हैं। देर रात शहर के प्रमुख और व्यस्ततम चौराहों में शामिल गांधी चौक के आसपास इस तरह डंडे लेकर युवकों के घूमने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

हालांकि, वायरल वीडियो में युवक किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या किसी वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई नहीं दे रहे हैं, लेकिन रात करीब 2 बजे इस तरह डंडे लेकर सार्वजनिक सड़क पर घूमने का मकसद क्या था, यह सवाल जरूर उठ रहा है। वीडियो की वास्तविकता और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

रात्रि गश्त पर भी उठे सवाल

गांधी चौक शहर के प्रमुख इलाकों में शामिल है और देर रात भी यहां पुलिस एवं यातायात व्यवस्था की निगरानी रहती है। ऐसे में आधी रात को डंडे लेकर बाइक सवार युवकों के घूमने का वीडियो सामने आने के बाद रात्रि गश्त और पुलिस की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर इसकी जांच करती है या नहीं, वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान होती है या नहीं और सार्वजनिक स्थान पर डंडे लेकर घूमने के मामले में कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं।

फिलहाल वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad