Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंचीं शहर-गांव की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंचीं शहर-गांव की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर। जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने निजी और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन में मल्टी एक्टिविटी सेंटर नारी शक्ति समिति गनियारी की अध्यक्ष रागिनी पाण्डेय ने सेंटर का ट्रांसफार्मर जल जाने की समस्या बताते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। उन्होंने बताया कि बिजली की समस्या के कारण मशीनी उपकरण बंद हैं और मिले हुए ऑर्डर समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं।

कोटा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला भेलवापारा के प्रधान पाठक और ग्रामीणों ने स्कूल भवन की मरम्मत की मांग रखी। वहीं ग्राम पंचायत धूमा के किसानों ने पैठू तालाब के पास मुख्य नहर में पुलिया निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया नहीं होने से आवागमन के साथ कृषि कार्यों के लिए खाद-बीज लाने-ले जाने में परेशानी होती है।

बिल्हा नगर पंचायत क्षेत्र के रविशंकर शर्मा ने ग्राम देवकीरारी की कृषि भूमि में इस्तेमाल किए गए यूरिया खाद की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की। उन्होंने बताया कि खाद के उपयोग के बाद अपेक्षित लाभ नहीं मिला और नुकसान की शिकायत है। कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए।

कुदुदंड निवासी राधेश्याम सूर्यवंशी ने सीमांकन में हो रही देरी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि तहसीलदार के आदेश के बावजूद लंबे समय से सीमांकन नहीं हुआ है। पटवारी और राजस्व निरीक्षक से संपर्क के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने शीघ्र सीमांकन कराने की मांग की।

सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम सकर्रा निवासी जानकी शर्मा ने तालाब में डूबने से अपने 43 वर्षीय पुत्र की मृत्यु के बाद राज्य आपदा राहत कोष के तहत नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है।

वहीं सकरी क्षेत्र के दरसराम पनिक ने एनएचएआई द्वारा सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित निजी भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग की। उनका आरोप है कि बिना उचित सूचना के उनकी निजी भूमि का सड़क निर्माण में उपयोग किया गया। उन्होंने बताया कि भूमि का पूर्व में सीमांकन भी हो चुका है।

टिकरापारा निवासी ओमप्रकाश सोनी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बंद हुई निराश्रित पेंशन दोबारा शुरू कराने का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि पिछले करीब 8-9 माह से पेंशन का भुगतान बंद है। उन्होंने नियमित रूप से पेंशन दिलाने की मांग की।

जनदर्शन के दौरान अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी और ज्योति पटेल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad