सकरी थाना क्षेत्र में फिर किन्नर की संदिग्ध मौत, पेंडारी की मुरुम खदान के तालाब में तैरती मिली सागर पासी की लाश
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में एक बार फिर किन्नर की मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है। ग्राम पेंडारी स्थित मुरुम खदान के तालाब में 28 वर्षीय सागर पासी की लाश संदिग्ध परिस्थिति में तैरती मिली। घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक की पहचान सागर पासी, पिता स्वर्गीय शंभू पासी, निवासी मन्नू चौक, टिकरापारा, बिलासपुर के रूप में हुई है। सागर की पहचान किन्नर के रूप में बताई गई है और जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 से वे ट्रांसजेंडर के रूप में पहचान रखते थे।
दोपहर से पेंडारी तक का घटनाक्रम
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर करीब 1 बजे सागर की मुलाकात जोया खान से हुई थी। इसके बाद दोनों कोटा गए, जहां शराब पी और खाना खाया। शाम करीब 4 से 5 बजे दोनों वापस लौटे और गनियारी स्थित शराब भट्ठी में भी रुके।
इसके बाद दोनों पेंडारी स्थित मुरुम खदान पहुंचे। बताया जा रहा है कि यहां करीब 7 बजे तक दोनों ने शराब पी और खाना खाया।
इसी दौरान एक कार से दो युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने सागर और जोया के साथ बैठकर शराब पी। युवकों ने जोया से सिगरेट मांगी और इसी दौरान सागर की उनसे बातचीत हुई।
इसके बाद सागर ने अपना बंद पड़ा मोबाइल फोन और स्कूटी जोया को देकर वहां से भेज दिया। जोया के वहां से जाने के बाद रात करीब 8 से 9 बजे के बीच सागर के साथ क्या हुआ, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
बाद में सागर की लाश उसी मुरुम खदान के तालाब में तैरती हुई मिली।
इससे पहले भी सकरी क्षेत्र में हुई थी किन्नर तन्नू खान की हत्या
इस घटना ने कुछ समय पहले सकरी थाना क्षेत्र में हुई किन्नर तन्नू खान की हत्या की यादें भी ताजा कर दी हैं। जुलाई 2026 में जॉकी क्षेत्र में तन्नू खान की हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस के अनुसार गुरु-चेला विवाद के बाद तन्नू की गला दबाकर हत्या की गई थी और मामले में आरोपी किन्नर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
उस मामले में पुलिस जांच के अनुसार शराब और खाना खाने के दौरान विवाद हुआ था और बाद में तन्नू की हत्या की गई।
अब इसी थाना क्षेत्र में एक और किन्नर की संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिलने से किन्नर समाज और स्थानीय लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है।
सागर पासी (किन्नर) की मौत ने खड़े किए कई सवाल
सागर तालाब तक कैसे पहुंचे?
क्या कार से पहुंचे दोनों युवकों का इस घटना से कोई संबंध है?
जोया के वहां से जाने के बाद सागर के साथ क्या हुआ?
क्या यह हादसा था, आत्महत्या या फिर किसी आपराधिक घटना का परिणाम?
इन सभी सवालों के जवाब फिलहाल जांच के बाद ही सामने आएंगे।
सकरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों और सागर के संपर्क में रहे लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा कार से पहुंचे दोनों युवकों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले को संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के रूप में जांचा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
कुछ ही समय पहले तन्नू खान की हत्या और अब सागर पासी की संदिग्ध मौत ने सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समुदाय की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि दोनों मामलों के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी कहना जल्दबाजी होगी।
पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सागर की मौत की असली वजह क्या थी और पेंडारी की मुरुम खदान में उस रात वास्तव में क्या हुआ था।
POWER NEWS 24 BHARAT
👁️ हर खबर पर नजर






Post a Comment
0 Comments