बिलासपुर। जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने पुलिस ने एक साथ कई थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की है। सकरी, कोटा, तोरवा, चकरभाठा और सिरगिट्टी पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चाकू लहराकर लोगों को डराने, मारपीट और चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान धारदार चाकू बरामद किए गए, जबकि चोरी के मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
सकरी में चाकू लहराने वाला युवक गिरफ्तार
सकरी पुलिस को 1 सितंबर को सूचना मिली थी कि सैदा निवासी प्रवीण दुबे उर्फ लसरा (24) सकरी महामाया रोड के आगे मरघट के पास हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से एक धारदार स्टील का चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 808/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोटा में स्कूल चोरी का खुलासा, नाबालिग हिरासत में
कोटा थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा में चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस सुरक्षा में लिया।
पुलिस के मुताबिक स्कूल से मध्यान्ह भोजन के लिए रखी 2 बोरी अनाज, करीब 1 क्विंटल, खाना पकाने के बर्तन, थाली, डेचकी और गंजा समेत करीब 8 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ था।
पूछताछ में बालक ने स्कूल में चोरी के साथ ही एक मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। मामले में कार्रवाई के बाद उसे बाल संप्रेषण गृह बिलासपुर भेजा गया।
तोरवा में आदतन बदमाश चाकू सहित गिरफ्तार
तोरवा पुलिस की पेट्रोलिंग और चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि दुर्गा मंदिर, देवरीखुर्द के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और निलेश उर्फ छोटू गंगोत्री (24) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया।
मामूली विवाद में चाकू से हमला, 3 गिरफ्तार
तोरवा थाना क्षेत्र के बुधवारी बाजार के पास मामूली विवाद के बाद गाली-गलौज और मारपीट के दौरान एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में नवल उर्फ अरुण यादव (24), सौरभ उर्फ नंगू परिहार (20) और राहुल चौहान (29) शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक चाकू भी जब्त किया है।
मामले में धारा 296, 351(3), 115(2), 181/1, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
चकरभाठा में बोदरी चौक पर चाकू लहराता युवक पकड़ा गया
चकरभाठा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी चौक में एक युवक धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और विष्णु सूर्यवंशी (21) को पकड़ लिया।
आरोपी के कब्जे से एक लोहे का चाकू बरामद हुआ। चाकू के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सिरगिट्टी में पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, चाकू सहित आरोपी गिरफ्तार
सिरगिट्टी पुलिस को सूचना मिली कि नयापारा रोड के पास एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस ने घेराबंदी कर प्रदीप कुमार लहरे (33) को पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
पुलिस का सख्त संदेश
बिलासपुर पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से साफ है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने और अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या संबंधित थाने में दें।


Post a Comment
0 Comments