बहतराई स्टेडियम में गूंजा तीजा तिहार का उल्लास, CM साय ने की दो बड़ी घोषणाएं
बिलासपुर। बहतराई स्टेडियम में रविवार को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व तीजा तिहार के अवसर पर भव्य तीजा मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे, जिससे पूरा स्टेडियम छत्तीसगढ़ी संस्कृति और उत्सव के रंग में नजर आया।
मुख्यमंत्री साय ने तीजा को आस्था, प्रेम और पारिवारिक खुशहाली का महापर्व बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में तीजा का विशेष स्थान है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बिल्हा विकासखंड के चोरहादेवरी गांव का नाम बदलकर ‘रामदेवरी’ किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही माघी पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। दोनों घोषणाओं का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया।
महिलाओं और बच्चों के लिए रहे विशेष इंतजाम
तीजा मिलन समारोह में महिलाओं के लिए झूले, मेहंदी और मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था की गई थी। माताओं-बहनों के लिए भोजन और उपहार भी रखे गए। बच्चों ने भी विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया। गीत-संगीत, पारंपरिक परिधान और उत्सवी माहौल ने पूरे स्टेडियम को छत्तीसगढ़ी संस्कृति से सराबोर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की महिलाएं केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की भागीदार और आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं। उन्होंने लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे मौजूद रहे।
POWER NEWS 24 BHARAT
हर खबर पर नजर 👁️





Post a Comment
0 Comments