48 लाख की नौकरी और 200 एकड़ जमीन का दावा, शादी के बाद खुला कथित फर्जीवाड़ा; 6.76 लाख की ठगी का आरोप
बिलासपुर। शादी के नाम पर कथित ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती ने अपने पति और उसके माता-पिता पर फर्जी बायोडाटा और गलत जानकारी देकर शादी के लिए सहमत कराने तथा लाखों रुपये लेने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक युवक ने खुद को BITS Pilani से B.Tech पास और जयपुर की एक बड़ी कंपनी में 48 लाख रुपये सालाना पैकेज पर नौकरी करने वाला बताया था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत बताते हुए 150 से 200 एकड़ जमीन होने का दावा किया गया था। इन जानकारियों पर भरोसा कर युवती और उसके परिवार ने शादी के लिए सहमति दी, लेकिन शादी के बाद कई दावों पर सवाल खड़े हो गए।
जशपुर की रहने वाली 30 वर्षीय युवती वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर जीजीयू कोनी से पीएचडी कर रही है। इसी दौरान उसकी मुलाकात हाईस्कूल में साथ पढ़ चुके हर्षदीप राम जाड़ी से दोबारा हुई। शिकायत के अनुसार, मई 2024 में हर्षदीप ने शादी का प्रस्ताव रखा। परिवार की सहमति के बाद 8 जनवरी 2025 को कोनी के आरजे प्वाइंट कैफे में दोनों की मुलाकात हुई, जहां युवक ने कथित तौर पर अपना बायोडाटा युवती को दिया। शिकायत में बताया गया है कि बायोडाटा में हर्षदीप ने खुद को BITS Pilani का B.Tech ग्रेजुएट बताया था। साथ ही जयपुर की एक बड़ी कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर के पद पर नौकरी और 48 लाख रुपये सालाना वेतन होने की जानकारी दी गई थी। इसके अलावा उसके पिता के कारोबार का सालाना टर्नओवर करीब 88 लाख रुपये और परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन होने की बात भी बताई गई। इन दावों के आधार पर युवती के परिवार ने शादी के लिए सहमति दे दी। इसके बाद 12 मार्च 2026 को बिलासपुर के होटल पेट्रीशियन में दोनों की शादी हुई। युवती की शिकायत के मुताबिक, शादी का खर्च युवक के पिता द्वारा उठाने की बात कही गई थी, लेकिन शादी से पहले फरवरी और मार्च में अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर युवक और उसकी मां के खातों में करीब 4.96 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके अलावा हर्षदीप के खाते में 60 हजार रुपये दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। शिकायत के अनुसार, शादी की रात ही परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। टेंट और कैटरिंग का काम शुरू नहीं हुआ तो जानकारी लेने पर पता चला कि संबंधित लोगों को केवल 10-10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। इसके बाद युवती के पिता ने कैटरर को 90 हजार रुपये और मामा ने टेंट संचालक को 90 हजार रुपये का भुगतान किया। अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान नहीं होने के कारण युवक की कार होटल संचालक द्वारा रोक लिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल फोन बंद होने का आरोप लगाया गया। मामला संदिग्ध लगने के बाद युवती ने हर्षदीप से उसकी पढ़ाई और नौकरी को लेकर पूछताछ की। शिकायत में आरोप है कि इसी दौरान उसने BITS Pilani से पढ़ाई करने और बताई गई नौकरी होने से इनकार किया। युवती के मुताबिक, हर्षदीप ने बताया कि वह अपने पिता के साथ इमू पक्षी के तेल का कारोबार करता है। मामले में शादी के दौरान मिले जेवरों को लेकर भी युवती के परिवार ने सवाल उठाए हैं। शिकायत के मुताबिक, जेवरों की जांच कराने पर उन्हें नकली बताया गया। हालांकि, जेवरों और युवक की शिक्षा, नौकरी तथा संपत्ति से जुड़े दावों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। युवती ने पूरे मामले में हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी पर फर्जी जानकारी देकर शादी के लिए सहमत कराने और अलग-अलग बहानों से कुल 6.76 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, शिकायत के आधार पर कोनी पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, बायोडाटा, बैंक खातों में हुए लेनदेन, शादी से जुड़े भुगतान और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment
0 Comments