Type Here to Get Search Results !

माधव ट्रेडर्स पर छापा, डुप्लीकेट सामान की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई

माधव ट्रेडर्स पर छापा, डुप्लीकेट सामान की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई

बिलासपुर। चांटीडीह के रामायण चौक स्थित माधव ट्रेडर्स में डुप्लीकेट सामान की बिक्री की शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने छापेमार कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि यह शिकायत हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की ओर से विभाग को दी गई थी। शिकायत के आधार पर शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों ने दुकान पहुंचकर जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान टीम ने सर्फ एक्सेल, बुक ब्रांड ताजा चाय पत्ती, इनो समेत अन्य उत्पादों के सैंपल लिए और संबंधित सामग्री को जब्त किया। विभाग की ओर से इन सैंपलों को जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जब्त किए गए उत्पादों में किसी तरह की अनियमितता या डुप्लीकेट सामग्री है या नहीं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी रमन देवांगन ने बताया कि हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की ओर से विभिन्न ब्रांडों के डुप्लीकेट सामान की शिकायत प्राप्त हुई थी। इसी शिकायत के आधार पर माधव ट्रेडर्स में जांच कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कई उत्पादों के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, माधव ट्रेडर्स के संचालक मनोहर लाल वाधवानी ने किसी भी तरह की गलत सामग्री जानबूझकर बेचने से इनकार किया है। उनका कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से व्यापार विहार स्थित संतोष जनरल स्टोर से सामान खरीदते आ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों को संबंधित सामान के उपलब्ध बिल और दस्तावेज सौंप दिए गए हैं। संचालक के मुताबिक, बाजार में जिस कीमत पर असली सामान उपलब्ध है, उसी के अनुसार उन्होंने सामान की कीमत तय की है। फिलहाल विभाग ने सैंपल और संबंधित सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही यह साफ होगा कि जब्त किए गए उत्पादों में वास्तव में कोई अनियमितता या डुप्लीकेट सामग्री थी या नहीं। इसके बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad