Type Here to Get Search Results !

सकरी क्षेत्र में फिर खूनी वारदात पर्व के बीच युवक के सीने में चाकू से ताबड़तोड़ वार, सिम्स पहुंचते ही मौत

सकरी क्षेत्र में फिर खूनी वारदात पर्व के बीच युवक के सीने में चाकू से ताबड़तोड़ वार, सिम्स पहुंचते ही मौत

बिलासपुर/सकरी। सकरी थाना क्षेत्र में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पर्व के बीच ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक ने दूसरे युवक के सीने पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए। गंभीर हालत में युवक को सिम्स बिलासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बनाए गए गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23), पिता प्रहलाद सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी (22), पिता अंशु सूर्यवंशी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

इसी दौरान अमन सूर्यवंशी ने कथित तौर पर अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर तीन-चार वार कर दिए। चाकू के हमले से आकाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सिम्स पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे के विवाद और वारदात की पूरी वजह की जांच की जा रही है।

मृतक का शव सिम्स की मर्च्यूरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जाएगी।

सकरी में लगातार वारदातों से उठ रहे सवाल

सकरी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पर्व के दौरान गणेश पंडाल के पास हुई इस वारदात से इलाके में भी दहशत का माहौल है।

POWER NEWS 24 BHARAT

हर खबर पर नजर 👁️ 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad