Type Here to Get Search Results !

आवास पारा बटालियन रोड में मूलभूत सुविधाओं का संकट, पानी-नाली-कचरे की समस्या लेकर जोन कार्यालय पहुंचे मोहल्लेवासी

आवास पारा बटालियन रोड में मूलभूत सुविधाओं का संकट, पानी-नाली-कचरे की समस्या लेकर जोन कार्यालय पहुंचे मोहल्लेवासी

बिलासपुर/सकरी। सकरी क्षेत्र के आवास पारा बटालियन रोड, वार्ड नंबर 1 में पानी, नाली और सड़क से जुड़ी समस्याओं को लेकर मोहल्लेवासियों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर नगर निगम जोन कार्यालय सकरी-1 पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और संबंधित विभागों से जल्द कार्रवाई की मांग की। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में कई दिनों तक कचरा नहीं उठाया जाता, जिसके चलते नालियों और आसपास गंदगी का ढेर लगा रहता है। कचरे के कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैलने की बात भी स्थानीय लोगों ने कही है। उनका कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

महीनों से खराब नल, पानी के लिए परेशान लोग

स्थानीय लोगों के मुताबिक मोहल्ले में लगा पानी का नल कई महीनों से खराब है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि खराब नल को जल्द दुरुस्त कराकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। वहीं, सड़क और नाली की समस्या को लेकर भी मोहल्लेवासियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की शिकायत के बावजूद समाधान की गति काफी धीमी है।

अमित भारते ने लगाए विभागीय लापरवाही के आरोप

स्थानीय निवासी अमित भारते ने बताया कि उन्होंने इन समस्याओं को लेकर नगर निगम जोन कार्यालय सकरी-1 में कई बार शिकायत की है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद वार्ड में समस्याएं समाप्त नहीं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी और विभाग की कार्यप्रणाली काफी धीमी है, जिसके कारण मोहल्लेवासियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मोहल्लेवासियों ने की जल्द समाधान की मांग

इस दौरान सोनिया मानिकपुरी, गोरी सूर्यवंशी, क्रांति अनंत, अन्नपूर्णा सूर्यवंशी, सौहाद्र सूर्यवंशी, शीला सूर्यवंशी, माही प्रधान, पूनम, राधिका सहित अन्य मोहल्लेवासी मौजूद रहे। मोहल्लेवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई, खराब पानी के नल की मरम्मत और सड़क संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

POWER NEWS 24 BHARAT की टीम ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सामने रखा है। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad