Type Here to Get Search Results !

कलेक्टोरेट गेट पर ननद-भाभी की हाथापाई के बाद महिला ने लगाए गंभीर आरोप, बोली—‘मुझे जान का खतरा’

कलेक्टोरेट गेट पर ननद-भाभी की हाथापाई के बाद महिला ने लगाए गंभीर आरोप, बोली—‘मुझे जान का खतरा’


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर कलेक्टोरेट के मुख्य गेट के बाहर ननद और भाभी के बीच सड़क पर हुई हाथापाई और झूमाझटकी का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। अब इस पूरे घटनाक्रम में एक नया मोड़ सामने आया है। महिला ने अपनी ननद और ससुर समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

POWER NEWS 24 BHARAT की टीम से बातचीत में महिला ने बताया कि वह अपने पति से अलग रह रही है और उसका मामला परिवार न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि पारिवारिक विवाद के चलते वह लंबे समय से अलग रह रही है और कभी अपने भाई-भाभी के घर तो कभी अपने पिता के घर रहने को मजबूर है।

महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति और ससुर शराब बेचने का काम करते हैं और शराब का सेवन भी करते हैं। महिला के मुताबिक, वह ससुराल पक्ष के व्यवहार से परेशान होकर अलग रह रही है।

महिला का आरोप है कि उसके साथ पहले भी कई बार मारपीट की जा चुकी है। उसने दावा किया कि परिवार न्यायालय में मामला चलने के बावजूद उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जाता है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग आए दिन उसका पीछा करते हैं और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।

‘मुझे और मेरे परिवार को जान का खतरा’

महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि उसे ससुराल पक्ष के लोगों से जान का खतरा है। उसका कहना है कि कलेक्टोरेट परिसर के बाहर हुए विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद भी कथित तौर पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना का सिलसिला जारी है।

महिला ने कहा कि वह अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए न्यायालय का सहारा ले रही है, लेकिन इसके बावजूद उस पर लगातार दबाव बनाए जाने का आरोप है।

वायरल वीडियो के बाद सामने आया महिला का पक्ष

कलेक्टोरेट के मुख्य गेट के बाहर हुई ननद-भाभी की झूमाझटकी का वीडियो सामने आने के बाद घटना चर्चा में आई थी। अब महिला द्वारा लगाए गए आरोपों ने मामले को एक अलग दिशा दे दी है।

हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि POWER NEWS 24 BHARAT द्वारा नहीं की गई है। मामले में पुलिस या संबंधित पक्ष की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

POWER NEWS 24 BHARAT मामले से जुड़े सभी पक्षों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad