Type Here to Get Search Results !

बिलासपुर में त्योहार के बीच खूनी खेल, लाठी-डंडों से पीटकर युवक की मौत; 4 गंभीर, 10 से ज्यादा हिरासत में

बिलासपुर में त्योहार के बीच खूनी खेल, लाठी-डंडों से पीटकर युवक की मौत; 4 गंभीर, 10 से ज्यादा हिरासत में

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव में बिदर त्योहार के दौरान दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प में एक युवक की मौत हो गई। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में चार अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, त्योहार के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान शैलेष राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया।

गंभीर हालत में शैलेष को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, मारपीट में घायल चार अन्य लोगों का भी उपचार कराया जा रहा है।

पुरानी रंजिश को लेकर विवाद की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में विवाद के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। साथ ही शराब के नशे में विवाद बढ़ने की भी चर्चा है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और विवाद की शुरुआत कैसे हुई, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।

10 से ज्यादा संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और शैलेष की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका क्या रही।

पुलिस जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad