Type Here to Get Search Results !

बिलासपुर ब्रेकिंग: कोरी बांध में डूबने से 32 वर्षीय युवक की मौत, सोमवार दोपहर गोताखोरों ने निकाला शव

बिलासपुर ब्रेकिंग: कोरी बांध में डूबने से 32 वर्षीय युवक की मौत, सोमवार दोपहर गोताखोरों ने निकाला शव

बिलासपुर/कोटा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कोरी बांध में दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे मंगला निवासी 32 वर्षीय दिग्विजय कौशिक की बांध के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। रविवार को हुए हादसे के बाद सोमवार दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान दिग्विजय कौशिक, पिता ईश्वर प्रसाद कौशिक, निवासी शिक्षक कॉलोनी, मंगला, बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिग्विजय रविवार को अपने दोस्तों और परिचितों के साथ कोरी बांध घूमने गया था।

नशे की हालत में पानी में उतरने की आशंका

मिली जानकारी के अनुसार, युवक ने घूमने के दौरान शराब का सेवन किया था। आशंका जताई जा रही है कि गर्मी लगने के कारण वह नहाने के लिए बांध के पानी में उतर गया होगा। बांध का पानी किनारे से कम गहरा दिखाई देता है, लेकिन अंदर काफी गहराई और कीचड़ होने के कारण युवक को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया होगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, लेकिन पानी की गहराई के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना तत्काल कोटा पुलिस को दी गई।

सोमवार दोपहर गोताखोरों ने बरामद किया शव

घटना की सूचना मिलने पर कोटा पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, रविवार को अंधेरा होने के कारण शव की तलाश नहीं हो सकी। सोमवार सुबह पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन से चार घंटे की तलाश के बाद दोपहर 1:30 से 2 बजे के बीच युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।

कोटा पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिलासपुर भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के परिजनों और उसके साथ गए दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।

पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

कोरी बांध क्षेत्र का एक प्रसिद्ध पिकनिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इस हादसे के बाद यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सुरक्षा चेतावनी बोर्ड, गहराई के संकेत और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती जैसी व्यवस्थाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही है। बांध में पानी की गहराई और कीचड़ के कारण पर्यटकों के लिए खतरा बना रहता है।

परिवार में पसरा मातम

दिग्विजय की मौत की खबर मिलते ही मंगला स्थित शिक्षक कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह रविवार को दोस्तों के साथ घूमने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। फिलहाल कोटा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हादसे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।


Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad