Type Here to Get Search Results !

गणेश विसर्जन को लेकर बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस की गाइडलाइन जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन और प्रवेश प्रतिबंध

गणेश विसर्जन को लेकर बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस की गाइडलाइन जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन और प्रवेश प्रतिबंध

बिलासपुर, 23 सितंबर 2026। गणेश विसर्जन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने विस्तृत रूट प्लान और ट्रैफिक गाइडलाइन जारी की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन में तैयार व्यवस्था के तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर मार्ग परिवर्तन और आवश्यकता अनुसार वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए इस वर्ष पचरी घाट हैप्पी स्ट्रीट और छठ घाट सरकंडा को निर्धारित किया गया है। अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली झांकियों और जुलूसों के लिए अलग-अलग विसर्जन स्थल तय किए गए हैं।

किस क्षेत्र की प्रतिमा कहां होगी विसर्जित?

सरकंडा, मोपका सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले जुलूस एवं झांकियों को छठ घाट में विसर्जन के लिए जाने की अपील की गई है। वहीं कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा, तिफरा सहित शहरी क्षेत्रों से आने वाली गणेश प्रतिमाओं को पचरी घाट में विसर्जित करने के लिए कहा गया है।

इन मार्गों पर रहेगा विशेष यातायात प्रबंधन

गणेश विसर्जन की शोभायात्रा, झांकी और जुलूस के लिए प्रमुख मार्गों के रूप में—

  • देवकीनंदन चौक
  • राघवेंद्र तिराहा
  • सिम्स चौक
  • कोरोना चौक
  • मिशन चौक
  • अमरनाथ गोल बाजार चौक
  • कोतवाली चौक
  • जवाली नाला चौक
  • हटरी चौक
  • पचरी घाट
  • गांधी चौक

को निर्धारित किया गया है।

इन मार्गों पर पर्याप्त संख्या में यातायात एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रमुख मार्गों से जुड़ने वाले कई कनेक्टिंग रोड को आवश्यकता अनुसार डायवर्ट किया जाएगा।

कई स्थानों पर वाहन प्रवेश प्रतिबंधित और मार्ग परिवर्तित

आम नागरिकों की सुविधा के लिए पेट्रोल पंप क्षेत्र, सिम्स चौक के कनेक्टिंग मार्ग, लखीराम ऑडिटोरियम मार्ग, मिशन चौक, कोरोना चौक, काली मंदिर खापरगंज, तेलीपारा रोड, लालबहादुर शास्त्री बाल्मीकि चौक, जवाली पुल चौक, लाइफ केयर हॉस्पिटल मार्ग, गांधी चौक और जूना बिलासपुर सहित कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।

आवश्यकता के अनुसार इन स्थानों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित भी किया जा सकता है।

छठ घाट जाने वाले मार्गों पर भी डायवर्जन

छठ घाट क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान महमंद मोड़, पावर हाउस चौक, मोपका तिराहा, बसंत चौक, राजकिशोर नगर तिराहा, शनि मंदिर और छठ घाट तिराहा सहित कई स्थानों पर मार्ग परिवर्तन किया जाएगा।

यातायात दबाव अधिक होने की स्थिति में इन मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

गणेश समितियों से वालेंटियर रखने की अपील

यातायात पुलिस ने सभी गणेश उत्सव समितियों से पर्याप्त संख्या में वालेंटियर और स्वयंसेवक रखने की अपील की है। अधिक भीड़ होने की स्थिति में ये वालेंटियर यातायात एवं पुलिस बल के सहयोग से भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद करेंगे।

नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन के उपयोग की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गणेश विसर्जन और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए छोटे वाहनों और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली का अधिक से अधिक उपयोग करें।

पुलिस ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि जुलूस और शोभायात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें तथा मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि गणेश विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

POWER NEWS 24 BHARAT 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad