नवा रायपुर में कर्मचारियों से भरी बस में अचानक लगी आग, मची अफरा-तफरी, चलती बस में धुआं उठते मची अफरा-तफरी, 30 से ज्यादा कर्मचारी थे सवार; कूदकर बचाई जान
नवा रायपुर। महानदी भवन के पास बुधवार को कर्मचारियों से भरी एक चलती बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बस में 30 से ज्यादा कर्मचारी सवार थे, जो कार्यालय से अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महानदी भवन के पास पहुंचते ही बस से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते बस में आग की लपटें उठने लगीं। धुआं बढ़ने के बाद बस में बैठे कर्मचारियों में घबराहट फैल गई। आग तेजी से बढ़ती देख कर्मचारियों ने बस से बाहर निकलना शुरू किया। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं और किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। बताया जा रहा है कि बस के इंजन और पीछे के हिस्से से धुआं निकलने के बाद आग भड़की। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से आग लगी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। आग लगने के कारणों और बस की स्थिति को लेकर जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।





Post a Comment
0 Comments