साइबर ठगी से बचाव को लेकर मुंगेली पुलिस की पहल, 383 छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
मुंगेली:23/09/2026
“सेवा संकल्प अभियान” एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत बुधवार को लाईवलीहुड कॉलेज एवं आईटीआई कॉलेज जमकोर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने 383 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, डेटा प्राइवेसी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
एसएसपी पटेल ने युवाओं को विशेष रूप से अपने नाम से जारी मोबाइल सिम का उपयोग करने, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई एवं अन्य बैंकिंग जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा मोबाइल में मजबूत पासवर्ड और पिन रखने की समझाइश दी। उन्होंने युवाओं को फर्जी नौकरी, ऑनलाइन जॉब ऑफर, फर्जी भर्ती एजेंसी, रजिस्ट्रेशन या वेरिफिकेशन के नाम पर पैसों की मांग और फिशिंग लिंक के जरिए होने वाली ठगी से भी सतर्क रहने कहा।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ गोकुल राम रावटे, अतिरिक्त कलेक्टर जे.एल. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला, एसडीएम अजय शतरंज एवं जनपद पंचायत सीईओ संतोष गोषले ने भी छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव और रोजगार के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी के संबंध में जानकारी दी।
साइबर जागरूकता से ठगी से बचा युवक, एसएसपी ने किया सम्मानित
कार्यक्रम में ग्राम नवागांव चीनू निवासी सुधीर वर्मा ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि डाक के माध्यम से उन्हें लॉटरी में कार जीतने की सूचना मिली थी। कार दिलाने के नाम पर उनसे पैसे की मांग की जा रही थी। ग्राम में आयोजित साइबर जागृति अभियान के दौरान मिली जानकारी के कारण वे पहले से जागरूक थे। उन्होंने ठगों के झांसे में आने के बजाय सतर्कता बरती और संभावित ठगी से बच गए।
उनकी जागरूकता और सतर्कता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने सुधीर वर्मा को सम्मानित किया। इस दौरान एसएसपी ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव में जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है।
मुंगेली पुलिस ने आमजन एवं युवाओं से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और ऑनलाइन नौकरी के नाम पर पैसे जमा करने से पहले संबंधित संस्था या ऑफर का सत्यापन जरूर करें।
कार्यक्रम में लाईवलीहुड कॉलेज की सहायक परियोजना अधिकारी निशी देवांगन, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रउप निरीक्षक नवीन जांगड़े, नवनीत, सउनि मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास, आरक्षक परमेश्वर जांगड़े सहित कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Post a Comment
0 Comments