Type Here to Get Search Results !

सेवानिवृत्त कोयला खदान मजदूर संघ की जोनल कार्यसमिति घोषित, सेवानिवृत्त श्रमिकों की मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा

सेवानिवृत्त कोयला खदान मजदूर संघ की जोनल कार्यसमिति घोषित, सेवानिवृत्त श्रमिकों की मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा

बिलासपुर। सेवानिवृत्त कोयला खदान मजदूर संघ के एसईसीएल जोन, बिलासपुर के अधिवेशन में नवनिर्वाचित जोनल कार्यसमिति की घोषणा की गई। संघ के राष्ट्रीय मंत्री एवं निर्वाचन अधिकारी श्री शंकर प्रसाद कुंडू की देखरेख में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कर पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के नाम घोषित किए गए। घोषित नई कार्यसमिति में श्री चंचल कुमार मित्रा को अध्यक्ष, श्री बुद्धि सागर साहू को महामंत्री, श्री योगेश बाबू कसेर को कोषाध्यक्ष तथा श्री बिजेश कुमार पासवान और श्री अरुणी कुमार मिश्रा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं श्री रामोतार अलगामकर को राष्ट्रीय ऑडिट उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उप महामंत्री के रूप में श्री एच. एन. पांडेय और श्री यदवेन्द्र सिंह, जबकि उपाध्यक्ष पद पर श्री राजाराम राय, श्री बहादेव सिंह, श्री सौरेंननाथ चटर्जी, श्री नसीम अख्तर, श्री अहमद हुसैन और श्री नरेंद्र सिंह को शामिल किया गया है। मंत्री पद की जिम्मेदारी श्री भागीरथी साहू, श्री कुमार राय चौधरी, श्रीमती बिनिता सिंह और श्री सपन कुमार चौधरी को दी गई है। श्री अरविंद कुमार शर्मा को संगठन मंत्री तथा श्री प्रवीण कुमार राठौर को कार्यालय मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा नौ कार्यकारिणी सदस्यों के नाम भी घोषित किए गए।

सेवानिवृत्त श्रमिकों की मांगों पर चर्चा

अधिवेशन के दौरान सेवानिवृत्त कोयला श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ग्रेच्युटी भुगतान और मेडिकल भुगतान में भेदभाव समाप्त करने तथा सेवानिवृत्त श्रमिकों को समान सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई। संघ ने पेंशन की गणना में एसडीए को शामिल करने और पेंशन की समीक्षा प्रत्येक तीन वर्ष में किए जाने की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह व्यवस्था संघ के एग्रीमेंट में उल्लेखित होने का दावा किया गया है। इसके साथ ही पेंशन से संबंधित लंबित बकाया राशि का भुगतान करने और सेवानिवृत्त श्रमिकों की अन्य लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग भी रखी गई।

खाली क्वार्टरों के आवंटन की मांग

बैठक में खाली क्वार्टरों के आवंटन में सेवानिवृत्त श्रमिकों को प्राथमिकता देने की मांग भी सामने आई। संघ की ओर से कहा गया कि जरूरत पड़ने पर संबंधित मांगों के समर्थन में सीआईएल एवं कोयला मंत्रालय के समक्ष अपनी बात रखने पर सहमति बनी है। अधिवेशन में संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम को राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री महेंद्र प्रताप सिंह, महामंत्री श्री शंभू विश्वकर्मा, मंत्री श्री शंकर प्रसाद कुंडू एवं कार्यसमिति सदस्य श्री भक्तिमय चौधरी ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन संघ के जोनल महामंत्री श्री बुद्धि सागर साहू ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री महेंद्र प्रताप सिंह के संबोधन के बाद राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री राम अवतार अलगामकर ने सभा को संबोधित किया। संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अधिवेशन का मुख्य फोकस सेवानिवृत्त कोयला श्रमिकों की पेंशन, भुगतान, चिकित्सा सुविधा, आवास और अन्य लंबित मांगों के निराकरण पर रहा। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad