Type Here to Get Search Results !

घर-घर जाकर किया जाएगा पुनर्सत्यापन, लगेगा शिविर मतदाता सूची में छूटे एवं पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का होगा पंजीकरण

घर-घर जाकर किया जाएगा पुनर्सत्यापन, लगेगा शिविर मतदाता सूची में छूटे एवं पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का होगा पंजीकरण

कलेक्टर  तोपनो ने प्रेसवार्ता कर मीडिया प्रतिनिधियों को दी जानकारी

मुंगेली:09अक्टूबर 2026

  भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में विभिन्न कारणों से शामिल नहीं हो पाए पात्र नागरिकों के पुनर्सत्यापन तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं के पंजीकरण हेतु जिले में एक माह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के अवसर से वंचित नहीं रहने देना है।

  कलेक्टर ने बताया कि अभियान के दौरान विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों तथा एसआईआर के दौरान विभिन्न कारणों से मतदाता सूची से विलोपित हुई प्रविष्टियों के पुनर्सत्यापन पर ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही 17 वर्ष से अधिक आयु के भावी मतदाताओं को भी पंजीकरण प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि पात्रता प्राप्त होने पर वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें।

दो विधानसभा क्षेत्रों में 50 हजार 988 अप्राप्त गणना पत्रकों से संबंधित प्रविष्टियों का पुनर्सत्यापन

  उप जिला निर्वाचन अधिकारी  अंजोर सिंह पैकरा ने बताया कि जिले के विधानसभा क्षेत्र 26-लोरमी एवं 27-मुंगेली (अ.जा.) में एसआईआर के दौरान कुल 50 हजार 988 गणना पत्रक अप्राप्त रहे थे। इनसे संबंधित मतदाता प्रविष्टियां विभिन्न कारणों से विलोपित हुई थीं। विशेष अभियान के दौरान इन प्रविष्टियों का घर-घर जाकर पुनर्सत्यापन किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्रवार विवरण के अनुसार, लोरमी विधानसभा क्षेत्र में कुल 23 हजार 286 अप्राप्त गणना पत्रक दर्ज किए गए, जिनमें 08 हजार 115 स्थायी स्थानांतरण, 13 हजार 784 दोहरी प्रविष्टि, 01 हजार 337 अनुपस्थित गणना पत्रक तथा 50 अन्य गणना पत्रक शामिल हैं। इसी प्रकार मुंगेली (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में कुल 27 हजार 702 अप्राप्त गणना पत्रक दर्ज किए गए। इनमें 13 हजार 949 स्थायी स्थानांतरण, 11 हजार 273 दोहरी प्रविष्टि, 02 हजार 459 अनुपस्थित गणना पत्रक तथा 21 अन्य गणना पत्रक शामिल हैं। इन आंकड़ों के आधार पर संबंधित प्रविष्टियों का पुनर्सत्यापन किया जाएगा। पुनर्सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले नागरिकों को नियमानुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी।

  उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंजोर सिंह पैकरा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह बुधवार एवं गुरुवार को मतदान केंद्र स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, छूटी हुई प्रविष्टियों के पुनर्सत्यापन तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण संबंधी कार्यवाही की जाएगी। युवा एवं भावी मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए जिले के हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों तथा महाविद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार एवं शनिवार को पॉलिटेक्निक, आईटीआई, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों तथा अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों में युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया और लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी दी जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में पंजीकरण से वंचित न रहे। प्रेसवार्ता में अतिरिक्त कलेक्टर  निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर  जी.एल. यादव सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad

Below Post Ad

विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें - 8349600835