अंबिकापुर में नशे में धुत मिले ASI-कांस्टेबल, पास में लावारिस पड़ी थी इंसास राइफल; दोनों सस्पेंड, देखे वीडियो....
अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दुर्ग में पदस्थ एक एएसआई और एक कांस्टेबल सोमवार सुबह प्रतीक्षा बस स्टैंड के बाहर कथित तौर पर नशे की हालत में बेसुध पड़े मिले। हैरानी की बात यह रही कि एएसआई की सर्विस इंसास ऑटोमैटिक राइफल भी पास में लावारिस हालत में पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने रायफल को जब्त कर लिया। मामले में दुर्ग एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।
बंदी को सेंट्रल जेल छोड़ने आए थे पुलिसकर्मी
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग में पदस्थ एएसआई प्रकाश एक्का और कांस्टेबल ऋषिकांत त्रिपाठी को 17 अक्टूबर को एक बंदी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने की जिम्मेदारी दी गई थी। बंदी को जेल में दाखिल कराने के बाद दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग लौटने के लिए प्रतीक्षा बस स्टैंड पहुंचे थे।
ठेले के पास बेसुध मिले, वीडियो हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह दोनों पुलिसकर्मी बस स्टैंड के बाहर एक ठेले के पास बेसुध हालत में पड़े मिले। इसी दौरान एएसआई की सर्विस इंसास राइफल पास में लावारिस पड़ी दिखाई दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस ने जब्त की राइफल
स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड चौकी पुलिस को मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लावारिस हालत में मिली इंसास राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल को दी गई, जिसके बाद उन्होंने दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल को पूरे मामले से अवगत कराया।
दुर्ग एसपी ने दोनों को किया सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल ने एएसआई प्रकाश एक्का और कांस्टेबल ऋषिकांत त्रिपाठी को निलंबित कर दिया। दोनों को पुलिस लाइन अटैच किया गया है। सरकारी हथियार की सुरक्षा में इस तरह की कथित लापरवाही ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बंदी को जेल में शिफ्ट करने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के दौरान हुई इस घटना को गंभीरता से लिया गया है।





Post a Comment
0 Comments