साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का भव्य समापन, उत्कृष्ट प्रतिभागियों और सहयोगियों का हुआ सम्मान
बिलासपुर। साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए गए साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के साथ सहयोगी संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान साइबर सुरक्षा पर आधारित नृत्य, नाट्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह, कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एएसपी सिटी पंकज पटेल, एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, प्रतिभागी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समापन समारोह में अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के योगदान की सराहना की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं, अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए साइबर ठगी के तरीकों और उनसे बचने के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। पुलिस ने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या पासवर्ड साझा न करें। अनजान स्रोतों से मोबाइल ऐप डाउनलोड न करें। इसके साथ ही वीडियो कॉल के माध्यम से खुद को पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी का सदस्य बताकर धमकाने और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पैसे मांगने वाले ठगों से सावधान रहने की सलाह दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
समापन समारोह के माध्यम से पुलिस ने साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने का संदेश दिया।






Post a Comment
0 Comments