गांधी जयंती पर लोक उदय फाउंडेशन का ‘हमर अरपा’ स्वच्छता अभियान, 400 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
अरपा नदी तट पर चला सफाई अभियान, बच्चों और युवाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश; जनभागीदारी से स्वच्छ बिलासपुर बनाने का संकल्प
बिलासपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर लोक उदय फाउंडेशन द्वारा ‘हमर अरपा : स्वच्छता अभियान’ का आयोजन किया गया। अरपा नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में 400 से अधिक हेल्पिंग हैंड्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ आम नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान के तहत अरपा नदी तट स्थित रिवर व्यू पॉइंट (हैप्पी स्ट्रीट) सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई की गई। इस दौरान बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वयंसेवकों ने सफाई करने के साथ लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया।
400 से अधिक स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम का नेतृत्व लोक उदय फाउंडेशन के निदेशक विशाल आनंद झा ने किया। अभियान में नगर निगम, जीवन संस्कार सेवा समिति, त्रिवेणु – द हेल्पिंग हैंकीज़ एवं ITSA हॉस्पिटल का सहयोग रहा। इस अवसर पर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, समाजसेवी एवं परोपकारी प्रवीण झा, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और महापौर पूजा विधानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रवीण झा ने बच्चों को दिया स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं परोपकारी प्रवीण झा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। जिस तरह हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी तरह शहर और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का भी ध्यान रखना चाहिए। स्वच्छता तभी सार्थक होगी, जब प्रत्येक व्यक्ति स्वयं जिम्मेदारी निभाए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
बच्चों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकता है, तो उसे डांटने के बजाय प्यार और सम्मान से समझाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, "जब कोई कूड़ा फेंके तो प्यार से कहिए—लाइए, आपका कूड़ा हम कचरे के डिब्बे में डाल देते हैं।" उन्होंने कहा कि इस तरह की छोटी-छोटी पहल लोगों की सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होती है। जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी स्वच्छ और सुंदर शहर का निर्माण संभव होगा। उन्होंने बच्चों से इस संदेश को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
स्वच्छ और सुंदर बिलासपुर बनाने का संकल्प
लोक उदय फाउंडेशन ने गांधीजी के स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी के संदेश को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ एवं जागरूक बिलासपुर के निर्माण का संकल्प दोहराया। संस्था ने नागरिकों से अपील की कि वे अरपा नदी और शहर के सार्वजनिक स्थलों को अपना समझें तथा वहां कूड़ा-कचरा न फैलाएं। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जनभागीदारी और निरंतर प्रयासों से ही स्वच्छ एवं सुंदर बिलासपुर का सपना साकार हो सकता है।




Post a Comment
0 Comments