ADD US AS A PREFERRED SOURCE
Follow Us On Google Join my WhatsApp group

बिलासपुर: सुबह-सुबह अलका एवेन्यू में EOW-ACB का छापा, कोयला कारोबारी शाहबाज खान के ठिकाने पर जांच जारी

बिलासपुर: सुबह-सुबह अलका एवेन्यू में EOW-ACB का छापा, कोयला कारोबारी शाहबाज खान के ठिकाने पर जांच जारी


उसलापुर के अलका एवेन्यू में रायपुर से पहुंची संयुक्त टीम की दबिश; दस्तावेज, कंप्यूटर और मोबाइल खंगाले जा रहे, रायपुर और कोरबा में भी एक साथ कार्रवाई

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कोयला कारोबार से जुड़े कथित आर्थिक अपराधों और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में शुक्रवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की संयुक्त टीम ने प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। रायपुर, कोरबा और बिलासपुर में शुरू हुई इस कार्रवाई से संबंधित कारोबारियों में हलचल देखी जा रही है।

बिलासपुर में संयुक्त जांच टीम ने उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के ठिकाने पर दबिश दी। सुबह-सुबह रायपुर से पहुंची आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीम ने परिसर में प्रवेश कर जांच शुरू की। कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए टीम ने परिसर का दरवाजा बंद कर लिया और अंदर दस्तावेजों की पड़ताल शुरू कर दी।

दस्तावेजों के साथ डिजिटल रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में

सूत्रों के अनुसार, जांच अधिकारियों ने कारोबारी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइलें और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले। इसके अलावा कंप्यूटर और मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। घर के सदस्यों से पूछताछ किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

जांच का मुख्य फोकस कोयला कारोबार में कथित टैक्स चोरी, वित्तीय लेनदेन, लेवी और भ्रष्टाचार से जुड़े पहलुओं पर बताया जा रहा है। हालांकि, छापेमारी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी जांच एजेंसियों की ओर से जारी नहीं की गई है।

EOW और ACB अलग-अलग पहलुओं की कर रहीं पड़ताल

जानकारी के मुताबिक, संयुक्त कार्रवाई में EOW और ACB की टीमें आर्थिक अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही हैं। कोयला कारोबार से संबंधित वित्तीय दस्तावेजों, लेनदेन और अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

वीडियो देखे....


जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कारोबार में हुए वित्तीय लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों में कोई अनियमितता तो नहीं है। डिजिटल उपकरणों से भी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

पहले भी शिकायतों को लेकर चर्चा में रहा नाम

बताया जा रहा है कि शाहबाज खान का नाम पूर्व में पेट्रोल-डीजल कारोबार से जुड़ी कथित अनियमितताओं और शिकायतों के संदर्भ में भी चर्चा में रहा है। वर्तमान में वह कोयला कारोबार से जुड़ा हुआ है। अब कोयला कारोबार में कथित वित्तीय अनियमितताओं और अन्य आरोपों को लेकर जांच एजेंसियों की कार्रवाई चर्चा में है।


ज्वेलर्स और कपड़ा कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर जांच

हालांकि, इन आरोपों की प्रकृति, कथित टैक्स चोरी की रकम और कारोबारी की भूमिका को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए जांच पूरी होने और एजेंसियों की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


रायपुर, कोरबा और बिलासपुर में एक साथ कार्रवाई

शुक्रवार सुबह शुरू हुई इस संयुक्त कार्रवाई का दायरा केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं है। रायपुर और कोरबा में भी जांच टीमों द्वारा अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल बिलासपुर के अलका एवेन्यू में जांच जारी है। अधिकारियों की पड़ताल के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस कार्रवाई में कौन-कौन से महत्वपूर्ण दस्तावेज या अन्य साक्ष्य सामने आए हैं।

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad