रतनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित कार बिजली खंभे से टकराई, 61 वर्षीय चालक की मौत
नेवसा के ऋषि पेट्रोल पंप के पास गुरुवार सुबह करीब 8 बजे हुआ हादसा, कार में फंसे चालक को पुलिस ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन नहीं बच सकी जान
रतनपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्राम नेवसा स्थित ऋषि पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक अंदर ही फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान शैलेश सिंह (61 वर्ष), निवासी मोपका, बिलासपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शैलेश सिंह ट्रांसपोर्टिंग का काम करते थे। बताया जा रहा है कि वे रात से लगातार कार चलाते हुए बिलासपुर स्थित अपने घर मोपका लौट रहे थे। इसी दौरान नेवसा के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण कि कार में फंस गए चालक
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक वाहन के अंदर फंस गया। हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल रतनपुर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चालक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
रातभर ड्राइविंग के बाद लौट रहे थे घर
बताया जा रहा है कि शैलेश सिंह रात से लगातार वाहन चला रहे थे और अपने घर मोपका लौट रहे थे। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
दुर्घटनाग्रस्त कार का पंजीयन क्रमांक CG 10 AN 3753 बताया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। रतनपुर पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।








Post a Comment
0 Comments