मेड्रा ग्राम पंचायत में साइबर जागरूकता अभियान, थाना प्रभारी संजय शिंदे ने ग्रामीणों को किया जागरूक
महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा, सरपंच एवं ग्रामीण महिलाओं ने पुष्पगुच्छ भेंटकर थाना प्रभारी का किया स्वागत
बिलासपुर। साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मेड्रा ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में साइबर जागरूकता अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में गांव की महिलाओं, बच्चों, युवाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर थाना प्रभारी संजय शिंदे का ग्राम पंचायत की महिलाओं और सरपंच लक्ष्मी नारायण प्रसाद ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने साइबर अपराधों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
सरपंच लक्ष्मी नारायण प्रसाद ने कहा...
ग्राम पंचायत के सरपंच लक्ष्मी नारायण प्रसाद ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा गांव में इस तरह का जागरूकता अभियान चलाना सराहनीय पहल है। इससे ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन करने की जानकारी मिलेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अभियान से मिली जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।
थाना प्रभारी संजय शिंदे ने दी साइबर सुरक्षा की जानकारी
सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपना शिकार बनाते हैं। अनजान नंबरों से आने वाली कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी मांगने वाले संदेश और ऑनलाइन ठगी से सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, एटीएम पिन, पासवर्ड और ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों को साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने और साइबर अपराध की जानकारी देने की अपील की।
थाना प्रभारी ने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत करते समय सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं के अनुसार सवाल भी पूछे। पुलिस की इस पहल से ग्रामीणों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। मेड्रा ग्राम पंचायत में आयोजित यह अभियान ग्रामीणों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहने का संदेश देने वाला रहा।






Post a Comment
0 Comments