पत्नी पर जानलेवा हमला, गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। हिर्री थाना पुलिस ने पत्नी पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने और मारपीट के दौरान गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 29 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम बोड़सरा, थाना हिर्री क्षेत्र में हुई थी। मामले में प्रार्थी आदित्य कौशिक, निवासी परसदा थाना चकरभाठा, ने 2 अक्टूबर 2026 को लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके जीजा आशीष कौशिक (31 वर्ष) ने उसकी बहन सभ्या कौशिक के साथ हत्या की नीयत से मारपीट की, जिसके चलते उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर हिर्री पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 303/2026, धारा 109 एवं 92 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और प्रशिक्षु थाना प्रभारी PSI लीलाधर देशमुख के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घटना में अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आशीष कौशिक पिता शिवकलेश कौशिक, उम्र 31 वर्ष, निवासी बोड़सरा, थाना हिर्री, जिला बिलासपुर को 4 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:30 बजे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, प्रशिक्षु थाना प्रभारी PSI लीलाधर देशमुख, सउनि राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र राजपूत, आरक्षक सुखदेव प्रसाद कश्यप और आरक्षक जितेन्द्र कुमार जगत की विशेष भूमिका रही।


Post a Comment
0 Comments