Type Here to Get Search Results !

लिलोरी स्थान फाटक के समीप सरकारी जमीन पर दिनदहाड़े हो रहा कब्जा, सरकारी तंत्र ने साधी चुप्पी. भ्रष्ट अंचलकर्मियों के मिलीभगत से बाघमारा में बड़े पैमाने पर सरकारी जमीन की लूट.


धनबाद(कतरास): 23-02-2024
यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि सरकार द्वारा जिन अधिकारियों को सरकारी संपत्तियों और सरकारी जमीनों की रक्षा करने के लिए कुर्सी पर बैठाया जाता हैं. उन्ही में से कुछ भ्रष्ट अधिकारी सरकारी संपत्तियों की रक्षा करने के बजाय उसे लूटने और लूटवाने में लग जाते हैं. यदि कोई शिकायतकर्ता इन भ्रष्ट अधिकारियों को शिकायत करता है, तो उस शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय अधिकारी शिकायतकर्ता पर ही भड़क उठते हैं. "सरकारी जमीनों को लूटने से बचाने के लिए क्या दिन रात खटिया लगाकर बैठे रहें" इस प्रकार के बयान अधिकारी द्वारा दिए जाते हैं. जो अपने आप मे न केवल हास्यास्पद हैं बल्कि वैसे अधिकारी के कार्यशैली पर सवाल भी उठता है. क्या खटिया लगाकर बैठकर ही सरकारी संपत्तियों और सरकारी जमीनों की रक्षा की जा सकती है? धनबाद जिले के बाघमारा प्रखण्ड में इन दिनों धड़ल्ले से सरकारी जमीनों को लूटा जा रहा है. बाघमारा अंचल के भ्रष्ट कर्मियों के सरपरस्ती में भूमाफियाओं द्वारा बाघमारा के पाण्डेयडीह में, डूमरा सामुदायिक भवन के समीप मुख्य मार्ग के बगल में, रंगुनी पंचायत में, फाटामहुल पंचायत में 8 लेन के किनारे तथा जमुआटाँड़ पंचायत में बड़े पैमाने पर सरकारी जमीनों को लूटा जा रहा है. 
जमुआटाँड़ पंचायत के पंचायत समिति सदस्य पूजा देवी ने बताया कि जमुआटाँड़ पंचायत अंतर्गत लिलोरी स्थान फाटक के समीप खुदनडीह मौजा नम्बर- 242 के खाता नम्बर- 3 के प्लॉट सँख्या-211 जो कि सरकारी खाते की जमीन बताया जाता है.  इस प्लॉट में कुल 1 एकड़ 10 डिसमिल जमीन है. जिसे कुछ भू माफिया प्लाटिंग करके फर्जी तरीके से बेच रहा है. इस वजह से वहाँ के स्थानीय ग्रामीण भयभीत हैं. ग्रामीणों को इस बात का डर सता रहा है कि भविष्य में भू माफिया उनकी रैयती जमीन भी न बेच दे. इस संबंध में जमुआटाँड़ पंचायत समिति सदस्य ने कुछ दिन पहले बाघमारा सीओ को लिखित शिकायत देकर भूमाफियाओं पर उचित कानूनी कार्रवाई करके सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करने का आग्रह किया है. 
लिखित शिकायत के बाद बाघमारा सीओ व्हाट्सएप से मांग रहे आवेदन
पसंस प्रतिनिधि ने बताया कि मामले में कार्रवाई नही होने पर बाघमारा सीओ को फोन किए तो सीओ ने कहा कि आवेदन व्हाट्सएप पर भेज दीजिये, हम देख लेते हैं. बता दे कि विभागीय लापरवाही के कारण भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हैं. वहीं इस संबंध में आम लोगों का कहना है कि अधिकारी और भूमाफिया चोर चोर मौसेरे भाई हो गए हैं. अब देखना है कि किसी भूमाफिया पर कार्रवाई होती है या नही? या फिर लूट का सिलसिला बदस्तूर जारी रहेगा.

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad