बीसीसीएल एरिया 4 अंतर्गत श्यामडीह हीरक रोड के समीप स्थित दुर्गा नगर कॉलोनी में पानी की समस्या विगत 10-12 वर्षो से है. कॉलोनी में सैकड़ों लोग रहते हैं. कॉलोनी में न तो बोरिंग है और न ही बीसीसीएल द्वारा पाइप लाइन का सुविधा. काफी जद्दोजहद के बाद पिछले कुछ महीनों से दुर्गा नगर कॉलोनी में जमुनिया जलापूर्ति योजना का पानी मिल रहा था जो कि पम्प खराब रहने के कारण पानी सप्लाई नही किया जा रहा था. इसी को लेकर दुर्गा नगर कॉलोनी की आक्रोशित महिलाओं ने कोलडंप के समीप स्थित बिजली घर में जमकर हंगामा मचाया. दुर्गा नगर कॉलोनी की जानकी देवी ने बताया कि दुर्गा कॉलोनी में पिछले 10 12 वर्षों से पानी का विकराल समस्या है यहां के लोग खरीद कर पानी पी रहे हैं हाल फिलहाल में जमुनिया जिला पूर्ति योजना से पानी का सप्लाई किया जा रहा था लेकिन पंप खराब होने के कारण विगत दो महिना से पानी का सप्लाई नही हो रहा है. कार्यालय आकर फोरमैन से पूछताछ करते हैं तो कहा जाता है कि एक-दो दिन में पंप ठीक हो जाएगा लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. पंप खराब रहने के कारण सप्लाई भी ठीक से नहीं होता है. एक बार जिस बिल्डिंग को पानी मिल जाता है फिर 6 महीना के बाद ही उसका नंबर आता है. पंप खराब होने के बाद से कभी-कभी टैंकर से जलापूर्ति किया जा रहा है. लेकिन उसमें भी बिल्डिंग के नीचे रहने वाले लोग ही उस टैंकर के पानी का लाभ ले पाते हैं. जो बीच में या ऊपर रहते हैं वे लोग टैंकर का पानी नहीं भर पाते हैं. जानकी देवी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने एरिया कर के महाप्रबंधक से मुलाकात भी की जिस पर महाप्रबंधक ने कहा कि उन्हें दुर्गा कॉलोनी में हो रही समस्याओं के बारे में कोई भी जानकारी नहीं है. दुर्गा कॉलोनी में पानी का सप्लाई कैसे होता है? कितने दिनों से पंप खराब है? टैंकर से जलापूर्ति कब कब होती है आदि की जानकारी उनके पास नही है. बताया गया की महा प्रबंधक ने समस्याओं को डायरी में लिख लिया है तथा समाधान करने की बात कही है.
पम्प खराब है इसलिए नही हो रही है पानी की आपूर्ति- बिंदेश्वर रजक
वही बिजली हाउस के फोरमैन बिंदेश्वर रजक पंप खराब होने और दो महीना से पानी सप्लाई नहीं होने के सवाल पर उलझते नजर आए और संतुष्टीजनक जवाब नहीं दे पाए. पहले उन्होंने बताया कि 2 दिन पहले पम्प खराब हुआ जिसे मरम्मत कराने हेतु वर्कशॉप में भेजा गया है. जैसे ही एक-दो दिन में पंप ठीक हो जाएगा पानी सप्लाई चालू हो जाएगा. वहीं जब उनसे पूछा गया कि पानी सप्लाई तो दो महीना से नहीं हो रहा है जबकि पंप दो दिन पहले खराब हुआ है. तब उन्होंने कहा कि बीच बीच में पंप से पानी सप्लाई किया जा रहा था. फिर वे कहते हैं कि इस बार दोनों पम्प एक साथ खराब हो गया.
महीनों से नही आ रहे हैं अभियंता अभिमन्यु कुमार, लोगों में है नाराजगी
मौजूद लोगों ने बताया कि बिजली हाउस के मुख्य अभियंता अभिमन्यु कुमार से इसकी फोन पर शिकायत की गई है. उन्होंने केवल आश्वासन दिया है. लोगों ने यह भी बताया कि अभियंता अभिमन्यु कुमार पिछले तीन-चार महीना से कार्यालय नहीं आ रहे हैं. जिस कारण उनसे मुलाकात नहीं हो पाता है. जब भी बात करना हो तो फोन पर ही बात करना पड़ता है.
हालांकि कार्यालय के प्रमुख इंजीनियर अभिमन्यु कुमार के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि वे कभी कभी आते हैं. उन्होंने बताया कि फिलहाल 10-15 दिनों से वह नहीं आए हैं. इस संबंध में अभियंता अभिमन्यु कुमार का पक्ष लेने के लिए उन्हें दो बार फोन लगाया गया लेकिन उनका फोन व्यस्त आया. बता दे की इंजीनियर के काम करने के तौर तरीकों से वहां के लोग नाराज दिखाई दिए. इंजीनियर महोदय कार्यालय आते नहीं हैं जिसके कारण स्थानीय लोगों/महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए तेतुलमारी स्थिति जीएम कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है. मौके पर शशिकांता रावत, पेमनी देवी, सुनैना देवी, कलावती देवी, सीमा देवी, उर्मिला देवी, मुनिया देवी, माया देवी, शोभा देवी, कंचन देवी, रीता देवी आदि मौजूद थी.

Post a Comment
0 Comments