जमीन संबंधित मामलों का निष्पादन को लेकर अंचल अधिकारी से बात करेंगे- नगर आयुक्त
हेमंत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का चौथा चरण 30 अगस्त अर्थात शुक्रवार से प्रारंभ हो गया. इस कार्यक्रम के तहत धनबाद नगर निगम के कई हिस्सों में इस शिविर शिविर लगाया गया. कतरास बाजार स्थित राजेंद्र क्लब में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वारा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ो की तादाद में वार्ड संख्या एक एवं वार्ड संख्या चार के लोग अपने-अपने समस्याओं से संबंधित आवेदन देने के लिए पहुंचे.
शिविर में मुख्यमंत्री स्वरोजगार राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, 200 यूनिट तक की बिजली बिल छूट, झारखंड मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड, होल्डिंग टैक्स, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, जल संयोजन, अबुआ आवास योजना, गोद भराई, अन्नप्रासन, साफ सफाई संबंधित आवेदन, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग आदि से संबंधित अलग अलग काउंटर लगाए गए थे. सबसे अधिक आवेदन मैया सम्मान योजना के जमा किये गए.
सीडीपीओ कार्यालय से संबंधित पर्यवेक्षिका हेमलता रजक, शिखा कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका नमिता राय, शशिकला देवी, मिताली देवी एवं ज्योति कुमारी के द्वारा 3 बच्चों शिवम कुमार सिंह, माधव सिंह एवं नित्या कुमारी का अन्नप्राशन कराया गया. वहीं पूरे सम्मान के साथ नीतू कुमारी एवं आरती कुमारी की गोद भराई रस्म भी कराई गई. गुरुजी क्रेडिट कार्ड जैसे कुछ काउंटर में केवल योजना का बैनर लगा रहा लेकिन उसका ऑपरेटर(स्टाफ) मौके से गायब दिखा. राजू कुमार पासवान नामक आवेदक ने बताया कि उसे अपने बच्चे की पढ़ाई की खातिर गुरुजी क्रेडिट कार्ड का आवेदन जमा करना था लेकिन उसे इस काउंटर से उस काउंटर तक दौड़ाया गया लेकिन कहीं भी उसका आवेदन जमा नही हुआ. जहां गुरु जी क्रेडिट कार्ड योजना का बैनर लगा था वहां कोई भी स्टाफ नहीं था.
जमीन संबंधित मामलों का निष्पादन को लेकर अंचल अधिकारी से बात करेंगे- नगर आयुक्त
मौके पर पहुँचे धनबाद नगर आयुक्त रविराज शर्मा ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा जन-जन तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का शिविर लगाया जा रहा है. शिविर में प्रत्येक योजना से संबंधित काउंटर लगा है तथा उसके स्टाफ (ऑपरेटर) भी मौके पर मौजूद हैं. यह पूछे जाने पर की पिछले शिविरों में दिए गए कई आवेदन अभी तक लंबित पड़े हैं जिन्हें कराने के लिए लोग अंचल कार्यालय व प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं तथा धरने पर बैठने को मजबूर हैं. इस पर उन्होंने गोल मटोल जवाब देते हुए कहा कि जमीन संबंधित मामलों के लिए अंचल अधिकारी से बात की जाएगी. मौके पर सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, सहायक नगर आयुक्त शिखा कुमारी, नगर प्रबंधक साबिर आलम, स्वच्छता पर्यवेक्षक राहुल लायक, विक्की कुमार, संतोष गोप, शंकर प्रसाद राम, प्रदीप कुमार, राजेंद्र क्लब के मुकेश भट्ट, शैलेन्द्र सिन्हा आदि उपस्थित थे.





Post a Comment
0 Comments