अंचल अधिकारियों को नियमानुसार राजस्व ग्रामों में 120 दिन का दौरा करने हेतु आदेश जारी करें
कतरास: 07-08-2024
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जय झारखंड अभियान के सदस्यों ने धनबाद जिले के उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से जय झारखंड अभियान के सदस्यों ने उपायुक्त को बताया कि राजस्व विभाग के पत्रांक संख्या- 3979 एल आर दिनांक 23-10-1952 में विभिन्न पदाधिकारियों के अधिकारों एवं कर्तव्यों का निर्धारण हुआ है. जिसके अनुसार अंचल अधिकारियों के द्वारा अपने कार्य क्षेत्र में प्रतिवर्ष 120 दिन का दौरा किया जाना है. उल्लेखनीय है कि जिले में पदस्थापित अंचल अधिकारियों द्वारा अपने कर्तव्यों का अनुपालन नहीं किए जाने के कारण भूमि विवाद से संबंधित मामले और इससे संबंधित अपराधिक मामले की संख्या बढ़ती जा रही है. आगे लिखा है कि आम नागरिकों एवं सरकार के बीच बनी खाई को पाटने के लिए और अंचल कार्यालय की कार्यसंस्कृति में सुधार लाने के लिए अविलंब आदेश जारी किया जाए. ताकि सभी अंचल अधिकारी नियम का पालन करते हुए नियमित रूप से राजस्व ग्रामों का दौरा करें और बैठकों में प्राप्त मामलों की विलेज नोटबुक में दर्ज कर मामले के निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करें. मौके पर वरिष्ठ आरटीआई कार्यकर्ता छेदी कुमार, मुकेश महतो, सुजोय दास, आशीष मंडल, ध्रुव कुमार मंडल आदि उपस्थित थे.


Post a Comment
0 Comments