Type Here to Get Search Results !

30 करोड़ की लागत से बनने वाला सड़क कार्य है अधूरा, पथ निर्माण विभाग ने मांगा पूरा राशि



प्रति किलोमीटर सड़क निर्माण की लागत पड़ रही है 5 करोड़ से भी ज्यादा
कतरास: 03-09-2024
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट अर्थात डीएमएफटी फंड से पथ निर्माण विभाग द्वारा लगभग 30 करोड़ की लागत से बरोरा थाना अंतर्गत मुराईडीह से रामराज मंदिर चिटाही धाम होते हुए सोनारडीह फाटक तक सड़क का जीर्णोद्धार एवं चौड़ीकरण किया जा रहा है. जिसके लिए जिला विकास शाखा द्वारा डीएमएफटी फण्ड से कार्यकारी एजेंसी पथ निर्माण विभाग को 18 करोड़ की राशि विमुक्त भी किया जा चुका है. इसमें सबसे दिलचस्प बात यह निकलकर सामने आ रहा है कि सड़क का निर्माण अभी पूरा भी नहीं हुआ है और पथ निर्माण विभाग धनबाद ने अपने पत्रांक 593 द्वारा जिला विकास शाखा से शेष राशि 12 करोड़ 71 लाख का अधियाचना(मांग) कर दिया है, जो कि अंतिम भुगतान होगा. उपायुक्त कार्यालय के जिला विकास शाखा से निर्गत एक पत्र के अनुसार इस अधियाचना के विरुद्ध अंतिम भुगतान से पहले प्राक्कलित राशि व सड़क की गुणवत्ता की जांच करने को लेकर एक जांच कमेटी बनाने व जांच रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया है. उपायुक्त को जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस मामले में आगे कुछ कहा जा सकता है. बता दे कि बनाये जाने वाले सड़क की कुल लंबाई 5.231 किलोमीटर है. इस हिसाब से प्रति किलोमीटर सड़क बनने की लागत 5 करोड़ से भी ज्यादा है.
सबसे बड़ा सवाल है कि बिना काम पूरा किये पथ निर्माण विभाग द्वारा अंतिम भुगतान के रूप में 12 करोड़ का मांग किस आधार पर किया गया. अब देखना ये है कि क्या जिला  विकास शाखा धनबाद बिना पूरा सड़क बनाये ही कार्यकारी एजेंसी को अंतिम भुगतान करेगी या नही.

                       बिनोद नापित
कार्य पूरा होने से पहले पूरी राशि का मांग करना कहीं से भी उचित नहीं है- बिनोद नापित(मुखिया, ग्राम पंचायत टुंडू)
टुन्डू ग्राम पंचायत के मुखिया विनोद नापित ने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण मुराईडीह पंचायत, बहियारडीह पंचायत तथा टुंडू पंचायत से होते हुए सोनारडीह फाटक तक किया जाना है. जिसमें टुंडू पंचायत अंतर्गत बिलबेड़ा मौजा में अभी सड़क निर्माण नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने से पहले विभाग द्वारा पूरी राशि का मांग करना कहीं से भी उचित नहीं है.

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad